माला, मिष्ठान और अंगवस्त्र देकर किया सम्मान, स्वास्थ्य शिविर में बुजुर्गों की जांच

उरई। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलाधिकारी समीर ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की। उन्होंने बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। बुजुर्गों ने भी जिलाधिकारी से अपनी बातें साझा कीं।

जिलाधिकारी ने वृद्धजनों को माला पहनाकर, मिष्ठान और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के अनुभव और मार्गदर्शन का समाज में महत्व है और उनका सम्मान सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा होना चाहिए।

उन्होंने वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और बुजुर्गों से पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं है। आश्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बुजुर्गों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

वृद्धजन दिवस के अवसर पर आश्रम परिसर में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम और चिकित्सकों ने बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक परामर्श दिया। जिलाधिकारी ने शिविर का निरीक्षण कर बुजुर्गों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार और समाज कल्याण अधिकारी संजय श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a comment