उरई, 1 अक्टूबर। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत के लिए जिले में एक अक्टूबर से 10 नवंबर तक सड़क पुनर्स्थापना अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान शेष 229 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के निर्देश पर जिलाधिकारी समीर और अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद के नेतृत्व में शुरू किए गए अभियान के तहत जल निगम (ग्रामीण) के अधिकारियों ने विभिन्न गांवों में सड़क पुनर्स्थापना कार्य का निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, पीएमसी की सुपरवीजन टीम और कार्यदायी संस्था बीजीसीसी के प्रतिनिधि निरीक्षण में शामिल रहे।

जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों को खोदना पड़ा था। पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद अधिकांश सड़कों की मरम्मत कराई जा चुकी है। जिले में पाइपलाइन बिछाने के लिए कुल 1949 किलोमीटर सड़क खोदी गई थी, जिसमें से 1720 किलोमीटर सड़क का पुनर्स्थापना कार्य पूरा हो चुका है। शेष 229 किलोमीटर सड़क की मरम्मत के लिए अभियान शुरू किया गया है।

अभियान के पहले दिन एक अक्टूबर को जिले के नौ गांवों गुढ़ा खुर्द, जमरोही कला, करउना, सिमरिया, छानी अहीर, इकौना, मिझौना, तगारेपुर और निबरहना में सड़क पुनर्स्थापना का कार्य शुरू किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के 359 गांवों में जल निगम (ग्रामीण) द्वारा पेयजलापूर्ति की जा रही है। शेष गांवों में पेयजलापूर्ति शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। इसी के साथ पाइपलाइन बिछाने और उससे प्रभावित सड़कों का विवरण भी संकलित किया गया है।

सड़क खराब होने पर ऐप से भेज सकेंगे फोटो-वीडियो

यदि किसी गांव में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं हुई है तो ग्रामीण जल सारथी ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए ऐप में ‘सड़क पुनर्स्थापना/मरम्मत अभियान’ विकल्प पर जाकर अपना नाम, गांव और पता दर्ज करने के बाद सड़क की स्थिति का फोटो या वीडियो अपलोड किया जा सकता है। शिकायत संबंधित अधिकारियों को भेजकर कार्रवाई की जाएगी और इसकी निगरानी जल निगम (ग्रामीण) मुख्यालय स्तर से की जाएगी।

पेयजल योजनाओं से संबंधित शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 18001212164 और जल निगम (ग्रामीण) जालौन कंट्रोल रूम के नंबर 6306811938 पर भी सूचना दी जा सकती है। सड़क पुनर्स्थापना से संबंधित शिकायतों के लिए जल सारथी ऐप पर विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

Leave a comment