डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट से घर बैठे होगी प्रक्रिया, वरिष्ठ कोषाधिकारी ने पेंशनर संगठनों से जागरूकता बढ़ाने की अपील की

उरई (जालौन)। अधिक उम्र या अस्वस्थता के कारण कोषागार कार्यालय तक पहुंचने में असमर्थ पेंशनरों को राहत देने के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा का लाभ उठाने की अपील की गई है। वरिष्ठ कोषाधिकारी आनन्द कुमार सिंह की अध्यक्षता में कोषागार कार्यालय में पेंशनरों और विभिन्न पेंशनर संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इस सुविधा की प्रक्रिया समझाई गई।

बैठक में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट यानी जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई। वरिष्ठ कोषाधिकारी ने कहा कि जो पेंशनर अधिक उम्र या अस्वस्थता के कारण कोषागार कार्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे ऑनलाइन माध्यम से अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट jeevanpramaan.gov.in का उपयोग किया जा सकता है।

इस सुविधा से बुजुर्ग और अस्वस्थ पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए कार्यालय आने में होने वाली परेशानी से राहत मिल सकती है। बैठक में प्रक्रिया के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए पेंशनरों और उनके संगठनों से अपील की गई कि वे इस सुविधा की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, विशेषकर उन पेंशनरों तक जिन्हें शारीरिक असुविधा के कारण कोषागार आने में कठिनाई होती है।

बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष हरगोविन्द दयाल श्रीवास्तव, गवर्नमेंट वेलफेयर कर्मचारी ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष पुष्पेन्द्र कुमार त्रिपाठी तथा बेसिक शिक्षा के वरिष्ठ पेंशनर रामराजा द्विवेदी सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply