हर मतदेय स्थल पर लगेंगे विशेष कैम्प, सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ; 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

उरई (जालौन)। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों को अब दो विशेष अवसर मिलेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी समीर ने निर्देश दिए हैं कि 17 और 24 अक्टूबर को जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष कैम्प अनिवार्य रूप से आयोजित किए जाएं। इन कैम्पों में पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कैम्पों के आयोजन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और नागरिकों को आवेदन की प्रक्रिया में पूरी सहायता दी जाए।

कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष कैम्पों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फार्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज देने होंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को फार्म भरने में मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष कैम्पों की जानकारी गांवों, कस्बों और शहरी क्षेत्रों तक पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने के अवसर से वंचित न रहे। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अभियान में सक्रिय सहयोग करने और लोगों को जागरूक करने की अपील की।

4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

बैठक में एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी पर भी चर्चा की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों का संभाजन एवं पुनर्गठन 2 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन होगा। 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रत्येक समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अभियान की नियमित निगरानी करें। अधिकारी बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ की उपस्थिति, कैम्पों की व्यवस्थाओं और प्राप्त आवेदनों के अभिलेखीकरण की जांच करें। उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के साथ प्राप्त फार्मों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखरखाव करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 17 एवं 24 अक्टूबर को अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि नाम दर्ज नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फार्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन करें। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।

बैठक में उप जिलाधिकारी उरई उत्तम कुमार तिवारी, भारतीय जनता पार्टी से शांति स्वरूप, समाजवादी पार्टी से जमालुद्दीन, बहुजन समाज पार्टी से भगवती शरण पांचाल, अपना दल एस से अनिल कुदारी तथा सीपीआईएम से विनोद कुमार नगरिया सहित संबंधित अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply