डीएम के निर्देश पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, राज कल्पना, सहारा, पीताम्बरा और न्यू कोठारी बसों के चालान

उरई (जालौन)। परमिट की शर्तों का उल्लंघन कर संचालित हो रहीं चार स्लीपर बसों के खिलाफ शनिवार को परिवहन विभाग ने कार्रवाई की। चेकिंग अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने बसों के चालान कर उन्हें निरुद्ध कराया। इसके बाद चारों बसों को आटा थाना क्षेत्र की संकट मोचन मंडी चौकी में पुलिस अभिरक्षा में खड़ा कराया गया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान में परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाले, मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने और क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने वाले वाहनों की जांच की गई। इसी दौरान राज कल्पना, सहारा, पीताम्बरा और न्यू कोठारी नाम की चार स्लीपर बसें नियमों के उल्लंघन में पाई गईं। परिवहन विभाग ने इनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की।

यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था

कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा। बसों को निरुद्ध किए जाने के बाद उनमें सवार यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों की व्यवस्था की गई। इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित रवाना किया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि अवैध परिवहन, मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने, क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों के विरुद्ध वाहन संचालित मिलने पर संबंधित वाहन स्वामियों और संचालकों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply