डीएम समीर की पहल पर शासन ने की आपूर्ति, 1350 रुपये में मिलेगी डीएपी की 50 किलो बोरी; गेहूं-जौ के लिए खाद की मात्रा भी निर्धारित
उरई (जालौन)। रबी फसलों की बुवाई के दौरान किसानों को खाद की किल्लत से बचाने के लिए जिले में 4077 मीट्रिक टन डीएपी की रैक उपलब्ध कराई गई है। जिलाधिकारी समीर की पहल पर उत्तर प्रदेश शासन ने आईपीएल कंपनी की यह रैक उपलब्ध कराई है। इसमें से 1523 मीट्रिक टन डीएपी 17 अक्टूबर को साधन सहकारी समितियों को आपूर्ति के लिए दी गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि रैक प्वाइंट से खाद सीधे समितियों तक पहुंचाई जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके।
तय दर पर मिलेगी खाद, पीओएस मशीन से होगी बिक्री
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि खाद की बिक्री प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन के माध्यम से निर्धारित दर पर ही की जाए। डीएपी की 50 किलोग्राम की बोरी 1350 रुपये और यूरिया की बोरी 266.50 रुपये में उपलब्ध होगी। खाद खरीदने के लिए किसानों को आधार कार्ड, खतौनी और फार्मर आईडी की आवश्यकता होगी।
फसलों के अनुसार निर्धारित की गई खाद की मात्रा
कृषि वैज्ञानिकों की संस्तुति के अनुसार गेहूं और जौ की फसल के लिए प्रति हेक्टेयर तीन बोरी डीएपी और छह बोरी यूरिया की मात्रा निर्धारित की गई है। वहीं, चना, मटर और मसूर की फसलों के लिए प्रति हेक्टेयर तीन बोरी डीएपी और एक बोरी यूरिया की संस्तुति की गई है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसल की जरूरत और कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार ही उर्वरकों का इस्तेमाल करें।
खाद वितरण में परेशानी हो तो इन नंबरों पर करें संपर्क
खाद वितरण में किसी तरह की समस्या होने पर किसान सहकारी समितियों के मोबाइल नंबर 07818921432 और 09756035257 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के नंबर 08858222253, 08317041767, 07839882812 और 09450072937 पर भी शिकायत या जानकारी दी जा सकती है।
जिलाधिकारी समीर ने किसानों को आश्वस्त किया कि जिले में खाद की आपूर्ति लगातार जारी रहेगी और इसकी कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अनावश्यक भीड़ न लगाएं, अफवाहों से बचें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।







Leave a Reply