डीएम समीर और एसपी सुरेश चंद्र रावत ने की तैयारियों की समीक्षा, मोबाइल से स्मार्ट चश्मे तक ले जाने पर रहेगी रोक
उरई (जालौन)। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों, प्रधानाचार्यों और सहायक केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित ने बताया कि जनपद में परीक्षा के लिए 12 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 29,952 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करें। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्वच्छ पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साफ-सुथरे शौचालय और अभ्यर्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा से पहले केंद्रों का निरीक्षण कर सभी कमियों को दूर कर लिया जाए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो। उन्होंने परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।
मोबाइल, स्मार्ट चश्मे और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रोक
परीक्षा केंद्रों में प्रतिबंधित सामग्री ले जाने को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए। मोबाइल फोन, टैबलेट, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डेटा कार्ड, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट चश्मा, ईयरफोन, कलाई घड़ी और एटीएम कार्ड सहित किसी भी प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रतिबंधित धातु की वस्तुओं, कान में लगाई जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीनों, कागज पर बनी सारणियों, ग्राफ शीट, मानचित्र, स्लाइड रूल और अन्य प्रतिबंधित सामग्री पर भी रोक का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ नियंत्रित रखने और नकलविहीन वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक सतर्कता बरतने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद सिंह, उप जिलाधिकारी उरई उत्तम तिवारी, अतिरिक्त उप जिलाधिकारी अनिता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी सहित संबंधित अधिकारी और केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।







Leave a Reply