सुरेश चंद्र रावत ने की न्यायालयों में लंबित मुकदमों की पैरवी की समीक्षा, नवरात्रि-विजयदशमी पर जुलूस मार्गों की जांच और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

उरई । गंभीर अपराधों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को कठोर सजा दिलाने और न्यायालयों में लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पुलिस लाइन उरई में गोष्ठी कर पुलिस अधिकारियों और कोर्ट पैरोकारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से महिला एवं बाल अपराध, सनसनीखेज मामलों तथा पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मुकदमों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी और मॉनीटरिंग सेल प्रभारी परमहंस तिवारी सहित समस्त कोर्ट पैरोकार एवं कोर्ट मुहर्रिर उपस्थित रहे। वहीं, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष गूगल मीट के माध्यम से जुड़े।

एसपी ने न्यायालयों में विचाराधीन गंभीर अपराधों की पैरवी की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि नियत तिथियों पर गवाहों की समय से न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए, जिससे मुकदमों का शीघ्र निस्तारण हो सके। न्यायालय से जारी समन, जमानती और गैर-जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तथा समयबद्ध तामीली कराने के भी कड़े निर्देश दिए गए। उन्होंने पैरवी अधिकारी स्कीम के तहत चयनित सनसनीखेज अपराधों में सघन पैरवी कराकर अभियुक्तों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए कोर्ट मुहर्रिरों और पैरोकारों को निर्देशित किया।

नवरात्रि-विजयदशमी पर जुलूस मार्गों की होगी निगरानी

आगामी नवरात्रि और विजयदशमी पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए एसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों, प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। धार्मिक स्थलों, पूजा पंडालों और जुलूस मार्गों पर पुलिस बल के साथ नियमित पैदल गश्त करने तथा सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया।

उन्होंने स्थानीय धर्मगुरुओं, पूजा समितियों के आयोजकों और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ तत्काल बैठक कर जुलूसों के पारंपरिक मार्गों और समय-सारणी का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। मूर्ति विसर्जन स्थलों पर भी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने और किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं देने को कहा गया, ताकि पर्वों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।

वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और रात्रि गश्त पर जोर

एसपी ने जनपद में शेष पुरस्कार घोषित अपराधियों और अन्य वांछित अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। अपराध नियंत्रण और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया।

आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से रात्रि गश्त और पिकेट ड्यूटी को लेकर भी निर्देश जारी किए गए। महत्वपूर्ण चौराहों, प्रमुख मार्गों, बैंकों, एटीएम, सर्राफा बाजारों तथा संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

Leave a Reply