23 अक्टूबर को मतदान, डीएम समीर वर्मा और एसपी सुरेश चंद्र रावत ने पुलिस लाइन में की ब्रीफिंग; निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के आदेश
उरई (जालौन)। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 के मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के मद्देनजर जनपद में 24 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 33 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इनकी सुरक्षा के लिए लगभग 470 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी समीर वर्मा और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पुलिस लाइन परिसर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्मिक निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन करेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर को जिला निर्वाचन कार्यालय से रवाना होंगी। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर पहुंचने के बाद कोई भी पोलिंग पार्टी किसी राजनीतिक दल अथवा उसके प्रतिनिधि का आतिथ्य स्वीकार नहीं करेगी। मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के साथ बैलेट बॉक्स की सुरक्षा और पोलिंग पार्टियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी पात्र मतदाता को उसके मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
बॉडी-वॉर्न कैमरों से होगी निगरानी
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा। ड्यूटी पर लगाए गए पुलिसकर्मियों को वायरलेस सेट उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि सभी मतदान केंद्रों पर बॉडी-वॉर्न कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों तक आवागमन के मार्ग भी चिह्नित कर लिए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर निरीक्षक स्तर के अधिकारी को प्रभारी बनाया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
डीएम और एसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन और शिष्ट व्यवहार के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखें, जिससे मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





Leave a Reply