उरई में पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में डीएम समीर वर्मा और एसपी सुरेश चन्द्र रावत ने वीर जवानों के बलिदान को किया नमन
उरई (जालौन)। मातृभूमि की रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस जवानों की स्मृति में बुधवार को पुलिस लाइन उरई में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके चित्रों पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में शहीदों के अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी समीर वर्मा और पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने संयुक्त रूप से शहीद उप निरीक्षक मोहित कुमार यादव, उप निरीक्षक चन्द्रभान सिंह, कांस्टेबल अशोक कुमार तथा कांस्टेबल प्रदीप कुमार को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इन पुलिसकर्मियों ने सेवाकाल के दौरान कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, क्षेत्राधिकारी नगर राजीव शर्मा, क्षेत्राधिकारी जालौन अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अम्बुज यादव और क्षेत्राधिकारी कालपी राजेश कमल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्मृति दिवस परेड और शोक-शस्त्र सलामी के उपरांत पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि वीर जवानों का बलिदान पुलिस विभाग के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी तथा तत्परता के साथ जनता की सेवा करने की प्रेरणा देता है। शहीदों का साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण पुलिस बल के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने शहीदों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और पुलिस विभाग की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक सहित जनपद के विभिन्न थानों और पुलिस शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





Leave a Reply