उरई | जरूरतमंदों का पेट भरने के लिए प्रतीकात्मक कीमत ले कर भोजन की व्यवस्था करने के संकल्प के साथ पूर्व सांसद और वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी द्वारा अपनी टीम के साथ शुरू किये गए अपना रसोई प्रकल्प ने गत सोमवार को 2 वर्ष पूरी कर लिए | इस अवसर पर अनुरागी ने अपने संकल्प की नैतिक दृढ़ता के लिए विशेष धार्मिक विधि विधान आयोजित कराये जिसमें जिले के तमाम गणमान्यों ने उपस्थित हो कर रसोई जीमने आये आम मेहमानों के लिए खाना परोस कर स्वयं को धन्य किया | इसमें प्रतीकात्मक मूल्य लेने का प्रावधान रसोई में आने वालों को दीनता का शिकार होने से बचाने की भावना के तहत जोड़ा गया है |
रुड़की से आये स्वनामधन्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद जी महाराज ने आजीवन ऐसी रसोई के संचालन को कठिन व्रत की संज्ञा देते हुए इसकी सफलता का आशीर्वाद घनश्याम अनुरागी को दिया | उन्होंने कहा कि इससे संपन्न और सक्षम लोगों को सार्थक परोपकार में जुटने की प्रेरणा मिलेगी |
भाजपा की जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने जिला पंचायत अध्यक्ष के इस अभियान को शानदार पुण्य कार्य बताया \ जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ इरज राजा भी जिला पंचायत अध्यक्ष को उनके संकल्प के अविरल रहने की शुभ कामना देने पहुंचे | मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एन डी शर्मा , मुख्य चिकित्साधीक्षक और पूर्व मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ अविनाश बनौधा व संभागीय सहायक परिवहन अधिकारी राजेश वर्मा के साथ कई अधिकारियों ने जरूरतमंदों को खाना परोसने में सहभागिता कर कहा की इससे उन्हें आत्मिक प्रसन्नता का अनुभव हुआ है | पूर्व विधायक संतराम सिंह सेंगर , कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमाल अहमद चुखर , प्रलुव्य निरंजन , जिला पंचायत सदस्य रन विजय निषाद , शिक्षाविद आशीष मिश्रा , भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश महाराज , अलीम सर , लक्ष्मण दास बाबानी , शान्ति स्वरुप महेश्वरी, वार्ड सदस्य जय शंकर द्विवेदी आदि भी उपस्थित रहे |