लखनऊ।
महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस गरम दल के तीन नेताओं में से एक लाला लाजपत राय की जयंती पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर मनाई गई। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पंजाब केसरी लाला लाजपत राय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ0 सीपी राय ने बताया कि इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने उनके कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लाला लाजपत राय का जन्म पंजाब के मोगा जिले में 28 जनवरी 1865 को एक अग्रवाल जैन परिवार में हुआ था। इन्होंने कुछ समय हरियाणा के रोहतक और हिसार शहरों में वकालत की। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के गरम दल के प्रमुख नेता थे।
श्री राय ने कहा कि 30 अक्टूबर 1928 को इन्होंने लाहौर में साइमन कमीशन के विरुद्ध आयोजित एक विशाल प्रदर्शन में हिस्सा लिया, जिसके दौरान हुए लाठी-चार्ज में वे बुरी तरह से घायल हो गये। उस समय इन्होंने कहा था ‘‘मेरे शरीर पर पड़ी एक-एक लाठी ब्रिटिश सरकार के ताबूत में एक-एक कील का काम करेगी।’’ और वही हुआ भी; लालाजी के बलिदान के 20 साल के भीतर ही ब्रिटिश साम्राज्य का सूर्य अस्त हो गया।
इस मौके पर विधायक वीरेन्द्र चौधरी, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह,प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभारी प्रशासन दिनेश सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, सम्पूर्णानंद मिश्रा, पूर्व कोषाध्यक्ष नईम सिद्दीकी, संजय दीक्षित, संजय सिंह, कैप्टन वंशीधर मिश्रा, विनोद मिश्रा, श्रीमती सिद्धि श्री, योगेश्वर सिंह, नितान्त सिंह सहित तमाम कांग्रेसजन मौजूद रहे।