0 सभी दलों के नेता अंतिम विदाई के लिए पहुंचे
09orai14 09orai13उरई। दिवंगत जिला पंचायत अध्यक्ष फरहा नाज का पार्थिव शरीर हजारों नम आंखों की साक्षी में कदौरा के कब्रिस्तान में सुपुर्देखाक कर दिया गया। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए सभी पार्टियों के गणमान्य जुटे थे। इस अनहोनी को लेकर हर कोई अफसोस की मुद्रा में नजर आया।
गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले जिला पंचायत अध्यक्ष की शपथ लेने वाली 39 वर्षीय फरहा नाज के कल मुंबई में उपचार के दौरान इंतकाल की खबर जैसे ही जिले में फैली हर आम और खास सन्न रह गया। कदौरा का बाजार और सारी शैक्षणिक संस्थायें गम और सदमें की वजह से आज बंद रहीं। उनका पार्थिव शरीर आज दोपहर मुंबई से फ्लाइट के जरिये पहले लखनऊ पहुंचा इसके बाद सड़क के रास्ते से कदौरा लाया गया।
कल शाम से ही उनके आवास पर शोकाकुल लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। जिले की प्रथम नागरिक की अंतिम यात्रा में आज भारी भीड़ रही। जाहिर है कि जो लोग फरहा नाज से परिचित नही थे जिले के वे लोग भी उनके अप्रत्याशित निधन से गम के सैलाब में डूब गये थे। इसलिए इतने ज्यादा लोग उनकी मय्यत में उमड़ पड़े। हर कोई उनके पति अजहर बेग और अन्य परिजनों को ढाढ़स बंधाने में जुटा रहा। सबसे ज्यादा गमगीन पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी दिखे जो बीती रात से ही उनके आवास पर मौजूद थे। इसके अलावा सदर विधायक दयाशंकर वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव और आनंद यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीराम पाल और अकबर अली, युवा जनता दल यू. के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेंद्र यादव, बसपा के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शिरोमणि, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बजरिया और सोहराब खान, कांग्रेस विधायक उमाकांति सिंह के पति सुरेंद्र सिंह सरसेला, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष उरई विजय चैधरी, नगर पालिकाध्यक्ष कालपी कमर अहमद, पूर्व विधायक डाॅ. अरुण मेहरोत्रा, नव निर्वाचित ब्लाॅक प्रमुख विजय सिंह कुशवाहा, विष्णुपाल सिंह नन्नू राजा के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों में प्रभारी जिलाधिकारी आनंद कुमार, पुलिस अधीक्षक एन. कोलांची, अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद आदि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply