लंबे समय से तहसील दिवस की शिकायतों की कर रहे थे अनदेखी
तहसील दिवसों में भी रहते थे अनुपस्थित
उरई। लंबे समय से तहसील दिवसों में आने वाली शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही व तहसील दिवसों जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों में अनुपस्थित रहने के आदी हो चुके सत्रह अधिकारियों के वेतन आहरण पर जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से रोक दी है।
गौरतलब हो कि पिछले लंबे समय से जनपद में पदस्थ अधिकारी तहसील दिवसों के आयोजन में भाग न लेकर अपने दायित्वों के प्रति उदासीनतापूर्ण रवैया अख्तियार किये हुये थे। इतना ही नहीं फरियादियों द्वारा तहसील दिवस में दर्ज करायी गयी शिकायतों का निराकरण करने में भी वह हीलाहवाली बरत कर फरियादियों की परेशानियों को बढ़ाने में लगे हुये थे। जिलाधिकारी संदीप कौर ने ऐसे लापरवाही अधिकारियों में एक्सईएन नहर प्रखंड प्रथम एसपी सिंह, शाखा प्रबंधक एसबीआई उरई, जिला समाज कल्याण अधिकारी घासीराम प्रजापति, सहायक अपर जिला विकास अधिकारी पीके अग्रवाल, एडीओ पंचायत डकोर रामशंकर प्रजापति, अवर अभियंता आरसी यादव, सीडीपीओ माधौगढ़ कपिल शर्मा, प्रभारी सीडीपीओ रामपुरा राजेंद्री गुप्ता, बीडीओ माधौगढ़, रामपुरा महेंद्र कुमार प्रबल, एडीओ पंचायत कुठौंद रघुनाथ प्रसाद, एडीओ पंचायत नदीगांव संतोष वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत माधौगढ़ डीवी सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत रामपुरा व ऊमरी विनोद कुमार सोलंकी, सहायक विकास अधिकारी प्रमोद अग्रवाल, सहायक अभियंता जल निगम हरीलाल व नलकूप विभाग के सहायक अभियंता वीपी सिंह आदि के वेतन आहरण पर डीएम ने तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। हैरत की बात यह है कि उक्त अधिकारियों से लापरवाही बरतने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया था उसका जबाब भी संतोषजनक नहीं दिया गया।







Leave a Reply