जालौन। एक ही रात में बाजार में स्थित एक मकान तथा एक दुकान से अज्ञात चोरों ने सेंध लगाई। चोर दुकान की गोलक में रखे 6 हजार रूपए नगद सहित मकान में अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। पीड़ितों ने चोरी की सूचना कोतवाली में दी। परंतु पुलिस द्वारा घटनास्थल के मुआयने तक की जहमत नहीं उठाई गई।
स्थानीय पुलिस की निष्क्रियता के चलते नगर में काफी समय से चोरों और बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। बेखौफ बदमाश एक के बाद एक लगातार घटनाओं को अंजाम देने में लगे हैं। परंतु पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। गुरूवार की रात्रि अज्ञात चोरों ने बाजार में स्थित एक सूने मकान व एक दुकान को निशाना बनाया। मुहल्ला मुरली मनोहर निवासी प्रमोद कुमार शिवहरे (बंटू) की बाजार में मुहल्ला गोविंदेश्वर में मिठाई की दुकान है। गुरूवार की रात्रि अज्ञात चोर दुकान की छत पर चढ़ गए और दुकान के पीछे का जंगला तोड़कर गोलक में रखे 6 हजार रूपए चुरा ले गए। इतना ही नहीं चोरों ने इसके बाद उनकी दुकान के सामने स्थित अनिल कुमार गुप्ता की बहिन का मकान है। जो मुंबई में रहती हैं। चोर उनके घर का पीछे का दरवाजा तोडकर घर में घुस आए। इसके बाद चोर कमरे व अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने चांदी के जेवरात उड़ा ले गए। गहनों की कीमत का पता गृहस्वामी के आने बाद ही पता चल सकेगा। पीड़ितों द्वारा चोरी की सूचना कोतवाली में दे दी गई है। परंतु स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने की भी जहमत नहीं उठाई। जिसके चलते लोगों में आक्रोश है।







Leave a Reply