जालौन-उरई। वारदात की सूचना के 10 मिनिट के अंदर पुलिस को पहुंचाने का भरा गया दम खोखला साबित हो रहा है। पुलिस की हकीकत यह है कि कंट्रोल रूम पर पीड़ितों के फोन तक रिसीव नही होते। जिससे साबित होता है कि सरकार के हाथ से पुलिस की लगाम छूटी हुई है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भाषणों और विज्ञापनों के माध्यम् से पुलिस की चुस्ती-फुर्ती के सुहावने सपने लोगों को दिखा रहे हैं लेकिन वास्तविकता के धरातल पर जो हो रहा है उससे उनकी सरकार के दावे लफ्फाजी साबित हो रहे हैं। यहां के मोहल्ला फर्दनवीस के निवासी श्यामजी सोनी सरसई वाले आर्डर पर जेवर तैयार करने का काम करते हैं। शनिवार की रात वे अपने मित्र पिंटू सोनी गधेला के साथ मोटर साइकिल से कोंच गये थे। शाम लगभग साढ़े सात बजे वापस लौटते समय उन्हें रास्ते में भेड़ से दो मोटर साइकिलों पर सवार होकर आये आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने रोक लिया और उनकी छाती पर तमंचा अड़ाकर 26 हजार रुपये नगद व साढ़े चार लाख रुपये के जेवरात लूट लिये।
बदमाशों के फरार हो जाने के बाद श्यामजी सोनी ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया लेकिन किसी ने फोन नही उठाया। बाद में उन्होंने जालौन कोतवाली को सूचित किया। इंस्पैक्टर जयप्रकाश यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंच गये थे। उन्हें मौके पर एक कारतूस और शर्ट का बटन बरामद हुआ। लेकिन बदमाशों का कोई पता नही चला।
उधर इंस्पैक्टर जालौन ने भी सीमा विवाद का लोचा फसाकर मुकदमा दर्ज करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि घटना स्थल कोंच कोतवाली क्षेत्र का है। जबकि कोंच कोतवाली इसे जालौन कोतवाली क्षेत्र में ही ठेल रही है। बहरहाल सीमा विवाद में पुलिस तो बरी है लेकिन भुगतना लुटे-पिटे सर्राफ को पड़ रहा है।







Leave a Reply