cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। या अनुरागी चित्त की गत न जाने कोय, ज्यों-ज्यों बूड़े श्याम रंग त्यौ-त्यौ उज्जवल होय। कुछ ऐसा ही हाल है अवैध खनन का साम्राज्य चलाने वाले दबंगों का। उन पर जितना ज्यादा कीचड़ उछाला जाता है उतना ही उनका कारोबार और बढ़ता जा रहा है। बेतवा, यमुना जैसी बड़ी नदियों के बाद उनके निशाने पर अब लोकल नदी नून का तट भी आ गया है। महेबा ब्लाॅक की कुटरा ग्राम पंचायत अवैध खनन का नया क्रीड़ा क्षेत्र बन गया है। इसकी जानकारी प्रशासन को भी है लेकिन इसे रोकने की बजाय प्रशासन ने नारदवंशियों का पूजन कराकर उनकी करतूत की आकाशवाणी की विघ्नबाधा शांत करा दी है।
महेबा ब्लाॅक के कुटरा में नून के किनारे खेतों में बालू का भंडार निकल आया है। कोलंबस को मात देने वाले खनन के लुटेरों का खुफियातंत्र इतना सघन और मजबूत है कि जहां भी बालू होती है वह इलाका तत्काल इनके रडार पर आ जाता है। कुटरा की बालू भी इनसे ओझल नही रह सकी। पिछले कुछ सप्ताह से कुटरा के खेतों से 70 से 80 ट्रक रोजाना बालू उठाई जा रही है।
काली कमाई के हर सोते को सूंघने में माहिर नारदवंशियों ने जब इस इलाके में कई दिन तक बालू भरे ट्रकों को गुजरते देखा तो उनका माथा ठनक गया और वे भी कुटरा के लाल नोट उगल रहे खेतों तक पहुंच गये। वहां पर जेसीबी और पोकलैंड मशीनो से लिफ्ट हो रही बालू के दृश्यों को उन्होंने अपने यंत्रों में कैद कर लिया। इससे हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। खनन माफियाओं के हिमायती अधिकारी डैमेज कंट्रोल के लिए सक्रिय हुए और उनकी सलाह पर विघ्नकर्ता ग्रहों की शांति के लिए फटाफट लिफाफे तैयार कराये गये। हालांकि अभी भी इस मामले में ग्रहों के प्रकोप का खतरा पूरी तरह टला नही है। तहसील क्षेत्र के ग्रहों का कहना है कि उनकी कोई सेवा और पूजा नही की गई। इसलिए वे अनिष्ट जारी रखेंगे। इसके बाद उनकों भी साधा जा रहा है। लेकिन पूजा कम होने से उनका असंतोष पूरी तरह शांत नही हो पा रहा है।

Leave a Reply