उरई। आगामी 9 अगस्त को भाजपा के पूर्व सांसद श्यामबिहारी मिश्रा की अगुवाई वाले उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में नई दिल्ली के तालकटोरा स्टैडियम में देश भर के व्यापारियों का बड़ा जमावड़ा होगा। जिसमें जीएसटी पर बात करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी बुलाया गया है।
यह जानकारी आज एक स्थानीय विवाह घर में आयोजित कार्यक्रम में स्वयं श्यामबिहारी मिश्र ने दी। उन्होंने बताया कि इसमें उत्तर प्रदेश के दो हजार व्यापारी भाग लेंगे। स्वतंत्र व भयमुक्त व्यापार के स्लोगन की आड़ में प्रस्तावित जमावड़े में उत्तर प्रदेश सरकार को मुख्य रूप से निशाने पर रखा जायेगा। श्याम बिहारी मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्र व्यापार का अर्थ है कि इंस्पेक्टर राज से मुक्त व्यापार और भय मुक्त व्यापार अपराधियों से व्यापारियों की सुरक्षा के अर्थ में है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की स्थिति बेहद खराब है। व्यापारियों की कोई सुरक्षा नही है। उनके साथ लूटपाट, डकैती व हत्या की घटनाएं हो रही हैं। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल इन कुरीतियों के विरुद्ध जबर्दस्त संघर्ष छेड़ेगा।
श्याम बिहारी मिश्र ने बताया कि इस सिलसिले में 19 जुलाई को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करके व्यापारी राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारियों को देंगे।
उन्होंने बताया कि उनका संगठन जीएसटी का विरोधी नही है लेकिन वर्तमान स्वरूप में जीएसटी से भ्रष्टाचार, कालाधन व बिना पर्ची के व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। जीएसटी को उत्पादन स्थल व आयात स्थल पर वसूले जाने का प्रावधान होना चाहिए और उसे उत्पाद की कीमत के साथ जोड़ा जाना चाहिए तांकि वह एमआरपी में शामिल रहे और ग्राहक उसका भार वहन करने में आनाकानी न करे। उन्होंने कहा कि अगर सम्मेलन में प्रधानमंत्री आते हैं तो उनको इस सुझाव से अवगत कराया जायेगा।







Leave a Reply