cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngकोंच-उरई। सदस्यता बढाने में जुटे जद (यू) ने रालोद में सेंधमारी कर दी। नदीगांव रालोद अध्यक्ष ने पार्टी को बॉय बॉय कर जद की तरफ हाथ बढाया है और जद ने भी पूरी उदारता दिखाते हुये उन्हें पार्टी का नगर अध्यक्ष घोषित कर दिया है।
आने वाले विस चुनाव के दृष्टिगत जद (यू) के सदस्यता अभियान को पंख लगे हैं और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता ग्रामीण अंचलों में अपनी मौजूदगी दिखा कर लगातार अपने पांव पसारता जा रहा है। जद (यू) की एक बैठक नदीगांव में पार्टी के जिला संगठन मंत्री जयराम तिवारी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई। बैठक के दौरान रालोद के नदीगांव नगर अध्यक्ष साकिर खान की मौजूदगी इसमें खास रही। इससे भी ज्यादा खास बात यह रही कि रालोद अध्यक्ष ने अपनी पार्टी को अलविदा कहते हुये जद (यू) में दाखिला ले लिया। जद (यू) ने भी लगे हाथ उन्हें पूरा सम्मान बख्शते हुये जद (यू) का नदीगांव नगर अध्यक्ष घोषित कर डाला। जयराम तिवारी ने कहा कि प्रदेश के लोगों ने सपा बसपा और भाजपा जैसे दलों को देख लिया है और इनमें से कोई भी दल जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका है। ऐसी स्थिति में सभी की निगाहें जद (यू) जैसे सेकुलर दल की ओर टिकी हैं सो सभी कार्यकर्ताओं को चुनाव में पूरी तन्मयता से जुट जाना है। इस दौरान अशोक निरंजन, एनुल आब्दीन, साकेत गुप्ता, शिवकुमार, बबलू सिंह परिहार, विजयसिंह कुशवाहा, असगरअली, आशादेवी, लक्ष्मीदेवी, विक्रम कुशवाहा, शिवकुमार, अरुणा पटेल, परशुराम पांडे, खलीलखान सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply