cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। 11 जुलाई को प्रदेश भर में एक साथ पांच करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य गिनीज बुक में नाम दर्ज कराने के लिए राज्य सरकार ने तय किया है। जिसके तहत जिले पर भी 11 लाख 68 हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य थोप दिया गया है। इस बेगार को टालने के लिए जिला प्रशासन की बैठक आयोजित कर बाजीगरी का तानाबाना बुना गया।
जिलाधिकारी संदीप कौर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बताया गया कि वन विभाग ने 86 साइट चिन्हित की हैं जिन पर वृक्षारोपण होगा। हालांकि वन विभाग के कागज देखे जाये तो पता चलेगा कि उनके क्षेत्र में 2008 से हो रहे विशेष पौध रोपण अभियान के बाद से एक इंच जमीन नही बची है जो पेड़ों के लिए खाली हो लेकिन हकीकत अपनी जगह बनी रहती है और ढिढोंरा पीटने के लिए काम अपनी जगह होते रहते हैं। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि 11 जुलाई को मनरेगा के तहत कोई दूसरा कार्य नही होगा। जाॅब कार्ड धारक केवल पौध रोपण करेंगे जिसका भुगतान उन्हें मौके पर ही नगद कर दिया जायेगा।
पौध रोपण की निगरानी के लिए तहसील स्तर पर एसडीएम को वरिष्ठ जोनल अधिकारी, तहसीलदार को जोनल अधिकारी और बीडीओ को सैक्टर अधिकारी बनाया गया है। प्रत्येक साइट पर जल निगम और जल संस्थान की ड्यूटी पानी के टेंकर पहुंचाने के लिए लगाई गई है।
इस दिन स्कूलों में बच्चों को शपथ दिलाई जायेगी और उनसे वृक्षारोपण भी कराया जायेगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, नगर पालिका के ईओ, खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply