उरई। सरकारी वसूली में वाणिज्यकर विभाग और आबकारी विभाग जिला प्रशासन की नाक कटवाने में अभी भी कोई कसर नही छोड़ रहे। जिलाधिकारी संदीप कौर ने समीक्षा बैठक में जब इन विभाग के अधिकारियों को फटकारा तो भी इन पर कोई खास असर नही दिखा। चिकने घड़े की तरह जिलाधिकारी की लानत-मलामत उनके ऊपर से फिसलती हुई नीचे जा गिरी।
गौरतलब है कि वाणिज्यकर विभाग और आबकारी विभाग वसूली का अपना लक्ष्य पूरा करने में अरसे से पिछड़ रहे हैं। वाणिज्यकर अधिकारियों को वसूली से ज्यादा दिलचस्पी नंबर दो के व्यापार को बढ़ावा देने में है तांकि उनकी काली कमाई में कोई कसर न पड़े। कमिश्नर कहें या डीएम इस विभाग के अधिकारी किसी की कुछ सुनने को तैयार नहीं हैं। यहां तक कि शासन के नोडल सचिव डाॅ. हरीओम ने भी इनकों बहुत खरी-खरी कहीं लेकिन अपने विभाग का पूरा संरक्षण होने की वजह से उनकी प्रताड़ना को भी उन्होंने ठेंगा दिखा दिया। आज भी जिला अस्पताल और डाॅ. शर्मा के सामने के साल में एक करोड़ से भी अधिक की दवाई बेचने वाले मेडिकल स्टोर कोई पक्का बिल न काटने की आन पर अड़े हुए हैं। यही हाल भगत सिंह चैराहे के अंडर गारमेंट व हौजरी का सामान बेचने वाले सिंधियों का है। जिनके यहां ब्रांडेड कंपनी के नाम से डुप्लीकेट माल बेचकर आम के आम गुठलियों के दाम कर लिये जाते हैं। जबर्दस्त कमाई की वजह से इनमें से कई सिंधी दो कुंतल तक के वजनदार हो गये हैं। वाणिज्यकर विभाग इनसे कोई वसूली भले ही न कर पा रहा हो लेकिन इनकी काली कमाई डाॅक्टरों को जरूर खूब फल रही है।
उधर आबकारी विभाग की भी कैसे कमाई हो जब अंग्रेजी शराब के ठेकों तक पर मिलावटी शराब बेंची जा रही है। जिसका कोई हिसाब-किताब नही रखा जाता। कालपी बस स्टैण्ड के पास के ठेके की इतनी ज्यादा शिकायतें है कि आबकारी विभाग शायद कोई कांड होने के इंतजार के बाद ही कोई कार्रवाई करने की कसम उठाये बैठा है। एमआरपी से 10 रुपये ज्यादा बियर में वसूलने के रिवाज को तो आबकारी विभाग ने जैसे मान्यता प्राप्त ही कर दिया है। अब देखना यह है कि जिलाधिकारी केवल बैठकों में इन्हें घुड़कियां देने तक अपनी कारगुजारी सीमित रखेंगी या मजिस्ट्रेटों को चैकिंग के लिए दुकान में भेजकर इन विभाग के अधिकारियों को आइना दिखाने का काम करेंगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, जिला आबकारी अधिकारी, वाणिज्यकर विभाग के अधिकारी, खनिज अधिकारी, मनोरंजन अधिकारी व अन्य वसूली से जुड़े विभागों के अधिकारी मौजूद थे।







Leave a Reply