पुरुषोत्तमदास रिछारिया
कोंच। हालांकि अभी विधानसभा चुनावों में लगभग छह महीने का वक्त है लेकिन चुनावी गतिविधियां धीरे धीरे अपनी रौ में आती जा रही हैं। कुछ दलों ने टिकिट घोषित कर दिये हैं तो कुछ में घोषित प्रत्याशियों को लेकर असमंजस की स्थिति अभी भी बनी हुई है। इसके इतर भाजपा में अभी न तो टिकिट वितरण का काम शुरू हुआ है और न ही किसी की प्रत्याशिता को संभावित कहा जा सकता है, अलबत्ता टिकिट दावेदारों की सबसे लंबी फेहरिश्त भाजपा में ही है। अभी तक की तस्वीर में कमोवेश आधा दर्जन नाम प्रकाश में आये हैं जो अपनी दावेदारी करने के साथ ही क्षेत्र में बाकायदा काम करने में जुट गये हैं। यहां गौरतलब यह भी है कि जबसे कोंच विधानसभा का अस्तित्व खत्म हुआ है और इसका दो तिहाई से ज्यादा इलाका माधौगढ विस में मर्ज किया गया है, इसके जातीय समीकरणों ने नई पटकथा लिखी है जिसमें अब कुरमी विरादरी का भी दखल गौर करने लायक है और कुरमी नेता दावेदारी में भी है।
बहुत संभव है कि फरवरी 2017 में यूपी में विधानसभा चुनावों की रणभेरी बज उठे, इस लिहाज से अभी लगभग छह माह का लंबा समय है लेकिन कहते हैं कि वक्त पंख लगाकर उड़ता है और जिसने वक्त के साथ कदम न मिलाये वह पीछे उड़ती धूल में अपनी तस्वीर देखने की कोशिश करता रह जाता है। सपा ने महीनों पहले ही लाखनसिंह कुशवाहा को अपना प्रत्याशी घोषित करके उन्हें जनता के बीच उठक बैठक बनाने की ताकीद पार्टी आलाकमान द्वारा कर दी गई है। अपुष्टï सूत्र बसपा में भी संभावित प्रत्याशी के नाम का दावा गिरीश अवस्थी के रूप में करने में लगे हैं, जबकि कांग्रेस में वन मैन शो के चलते अबकी दफा भी पूर्व विधायक विनोद चतुर्वेदी का टिकिट फाइनल माना जा रहा है। अब भाजपा की अगर बात करें तो उनके थिंक टैंक 2017 के चुनाव में भाजपा की भारी जीत के दावे कर रहे हैं सो इस पार्टी में दावेदारों की संख्या भी आधा दर्जन के लगभग हो गई है। पूर्व विधायक संतरामसिंह सेंगर, पूर्व जिलाध्यक्ष द्वय ब्रजभूषण सिंह मुन्नू, मूलचंद्र निरंजन, पूर्व राज्यमंत्री हरिओम उपाध्याय के अलावा ब्रजभूषण कुशवाहा और ब्रजेन्द्र कुशवाहा के नाम चर्चा में हैं। माधौगढ विधानसभा पहले ठाकुर और ब्राह्मïण बहुल रही है लेकिन नये परिसीमन में ठाकुर बैल्ट कट कर कालपी विधानसभा में जुडऩे से इसके जातीय समीकरणों में भारी उलटफेर हुआ, इस विधानसभा में तमाम कुरमी बहुल गांव जुडऩे से इस विरादरी ने भी अपनी दावेदारी मूलचंद्र के रूप में की है। इस विधानसभा में कुशवाहा विरादरी का भी अच्छा खासा वोट बैंक है और पिछला चुनाव भी बसपा के संतराम कुशवाहा ने जीता था। ऐसी स्थिति में तीन पिछड़े, दो ठाकुर एक ब्राह्मïण की दावेदारी के बीच देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी किस पर अपना दांव खेलती है।









Leave a Reply