• भाकियू की मासिक पंचायत में किसानों की समस्याओं पर चर्चा
    कोंच। कृषि विभाग द्वारा समय से बीज का इंतजाम नहीं किये जाने को लेकर बिफरे किसानों ने आज आक्रोश प्रकट करते हुये कहा कि अंटी में बीज नहीं है और बुवाई सिर पर खड़ी है। इसके अलावा तमाम जगह टूटे बिजली के तार और फुंके ट्रांसफॉर्मर भी किसान पंचायत के निशाने पर रहे।
    गल्ला मंडी में आज भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत संपन्न हुई। पंचायत के दौरान किसानों ने इस बात पर खासा आक्रोश जताया कि उपनिदेशक कृषि द्वारा समाचार पत्रों में विज्ञप्तियों के माध्यम से बीज की उपलब्धता बता कर किसानों को हलकान कर दिया है, किसान रोज ही कृषि केन्द्र के चक्कर काट काट कर बैरंग बापिस जा रहे हैं। खरीफ की बुवाई सिर पर होने और बीज की अनुपलब्धता बड़ी समस्या है। इसके अलावा बर्ष 2015 खरीफ एवं रवी का बीमा अभी तक किसानों को नहीं मिलने पर भी आपत्ति जताई। बिजली की जीर्ण शीर्ण हो चुकी लाइनें और जून माह में आई आंधी में टूटे विद्युत पोलों की बजह से किसानों को बिजली नहीं मिल पा रही है, कई ट्रांसफॉर्मर भी फुंके हैं जिनको बदले जाने की जरूरत है। अंडा, क्योलारी, पचीपुरा कलां, देवगांव, भड़ारी, भेंड़, कैथी, दिरावटी आदि में ट्रांसफॉर्मरों की समस्या गिनाई। अन्ना प्रथा पर रोक, उरई-कोंच की जर्जर सड़क का निर्माण और नदियों में फालतू जा रहे पानी को सिंचाई के लिये उपलब्ध कराने की भी मांगें उठीं। इस दौरान बलरामसिंह लंबरदार, राजवीरसिंह जादौन, रामलखन इटा, डॉ. केदारनाथ सिमिरिया, ब्रजेश राजपूत, रामलला निरंजन, डॉ. द्विजेन्द्रसिंह, चतुरसिंह, डॉ. पीडी पचीपुरा, रामप्रतापसिंह, मोहनसिंह, भवानीशंकर, बालकृष्ण, श्रीनारायण, रामस्वरूप मास्टर, भगवानसिंह, रामसिंह आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व हालिया भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष बनाये गये राजवीरसिंह जादौन का जगह जगह सम्मान किया गया। हरदोई में रामखिलावन के आवास पर, कैथी में तहसील अध्यक्ष चतुरसिंह द्वारा, दिरावटी में रामलखन इटा के आवास पर फूल मालाओं से लाद कर उन्हें सम्मानित किया गया।

Leave a Reply