cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। जिले में गुरुवार की दोपहर तेज बारिश होने के बाद बाढ़ का खतरा और ज्यादा बढ़ गया है। प्रशासन की सूचना के अनुसार जिले की पांचों तहसीलों में 158 गांव बाढ़ की जद में आ गये हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित गांव माधौगढ़ तहसील में हैं। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने अलर्ट जारी कर एतिहात के पुख्ता कदम उठाने के आदेश जारी कर दिये हैं।
अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि जालौन तहसील में 21 गांव बाढ़ के दायरे में चिन्हित किये गये हैं। जहां चार चैकियां स्थापित कर स्थिति की निगरानी रखी जा रही है। उरई तहसील में बेतवा किनारे के 31 गांव बाढ़ से घिरे हुए हैं। जिनके लिए चार चैकियां स्थापित की गई हैं। कालपी तहसील में यमुना के तटवर्ती 33 गांवों को बाढ़ की जद में माना गया है। इस तहसील में सात चैकियां स्थिति के अनुरूप मुस्तैद कार्रवाई के लिए स्थापित की गई हैं। कोंच तहसील में पहुज किनारे के 33 बाढ़ प्रभावित गांवों के लिए पांच चैकिया स्थापित की गई हैं। माधौगढ़ में पचनद के 38 गांव बाढ़ के खतरे से जूझ उठे हैं। इस तहसील में 7 चैकिया स्थापित की गई है। प्रत्येक चैकी के लिए एक-एक प्रभारी अधिकारी बनाया गया है जबकि 140 कर्मचारियों की तैनाती इन चैकियों में की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 96 चैकियों की व्यवस्था रखे जाने की जानकारी उन्होंने दी है। उधर आज भी जिले में नदियों का जल स्तर बढ़ने का क्रम जारी रहा।

Leave a Reply