उरई। जैसे तैसे जहां जगह मिली वहां पक्की दीवारें खड़ी कर उनमें रह रहे गरीब परिवारों के लिए बारिश दुश्मन बन गई है। ऐसी ही एक बस्ती झांसी रोड पर रविदास मंदिर के पास बसी हुई है। जहां नगर पालिका के मुंह देखे व्यवहार की वजह से आज तक पक्की सड़क नही बन पाई जबकि अमीरों के रिहायश वाले इलाकों में केवल एक बंगले के लिए सीसी बनवाने में नगर पालिका को लाखों लुटा देने का कष्ट नही होता।
उक्त बस्ती के बाशिंदे आज जिलाधिकारी के सामने दुखड़ा रोने पहुंचे उन्होंने बताया कि नाले के किनारे से होकर कच्चे रास्ते से वे अपने घर के लिए आते-जाते हैं। जिसकी वजह से उनके साथ कभी भी कोई हादसा हो सकता है। लोगों ने बताया कि उनके घर रात में कोई बच्चा भी बीमार हो जाये तो मौत के कुए के मानिन्द उनके रास्ते पर से गुजरने की दम नही पड़ती।
ज्ञापन देने वालों में मुन्ना, नबाव, किशोरी लाल, रामलखन, राजाराम, किशन आदि एक दर्जन से अधिक लोग शामिल थे। जिलाधिकारी ने उनके ज्ञापन पर नगर पालिका से अविलंब उनके लिए सुगम रास्ते की व्यवस्था करने के लिए कहा।







Leave a Reply