22orai02उरई। डकोर थाने के मुहम्मदाबाद में ओमशरण के बाड़े में जली हालत में मिली उनकी किशोरी पुत्री के शव का मामला आखिर आॅनर किलिंग का सिद्ध हुआ। जिसमें पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के माता-पिता, भाई, चाचा, मामा और दादा के साथ परिवार व रिश्तेदारी के कई लोगों को जेल भेज दिया है।
डकोर थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन के अनुसार पहले पुलिस मृतक किशोरी निशा (15वर्ष) के पिता ओमशरण के बयान पर यकीन मानकर इसे आत्मदाह का मामला मान रही थी। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत गला दबाने से होने का पता चला जिसके बाद कहानी पलट गई। घरवालों से कड़ाई से पूंछतांछ की गई। पहले तो उन्होंने गुमराह करने की कोशिश की लेकिन आखिरी में वे टूट गये।
बताया गया है कि निशा किसी लड़के से फोन पर बात करती रहती थी। दिल्ली में पढ़ रहे उसके भाई रविकांत को अपने मित्र मोहित से इसकी जानकारी हुई। तो उसने मुहम्मदाबाद आकर घरवालों को बताया और निशा को बात करना बंद करने की हिदायत दी। फिर भी घटना के दिन निशा मोबाइल से बात कर रही थी जिसे उसने देख लिया। इसके बाद आॅनर किलिंग के लिए पूरे परिवार ने मिलकर उसे मार डाला और आत्मदाह का रूप देने के लिए बाड़े में ले जाकर मिटटी का तेल डालकर फूंक दिया।
पुलिस ने इस सिलसिले में निशा के दादा खेमचंद, पिता ओमशरण, चाचा राजवीर, भाई रविकांत, विक्रम राजपूत, मोहित पुत्र बृषभान को हत्या और मां कमेलेश कुमार और श्रीचंद्र उर्फ बुद्धू को साक्ष्य मिटाने के संदेह में गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply