0 नाले में कई जगह अतिक्रमण ने नाली बना दिया है
0 नाले में खड़ा जंगल कर रहा है समस्या पैदा
0 बेमतलब है मालवीय नगर का सांसद निधि से बना हैंगिंग पुल
कोंच-उरई। कोंच को तीन तरफ से घेरने बाला मलंगा नाला यद्यपि बरसाती नाला है और कम बारिश में इसमें पानी तक के लाले रहते हैं लेकिन जब इसमें बाढ आती है यह अपनी सीमाओं को तोड़ कर तबाही की ऐसी इबारत लिखता है कि वर्षों यहां के बाशिंदे इसकी याद करके कांप जाते हैं। अबकी दफा भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने क्या दी, यहां के बाशिंदों खासतौर पर मलंगा के गिर्द रहने बाली आबादी की रातों की नींद गायब है। मलंगा नाले में जगह जगह अतिक्रमण करके बना लिये गये मकानों ने जहां इसकी सूरत बिगाड़ कर इसे नाली बना दिया है, वहीं नाले में विस्तार पा गया जंगल भी इसकी दुर्गति के लिये काफी है। अगर मलंगा में बाढ आई तो भीषण तबाही तय है।
कहने को तो यह मलंगा नाला नहर विभाग का दत्तक पुत्र है जिसके पानी से होने बाली सिंचाई किसानों से बेतवा नहर विभाग ही बसूलता है लेकिन जब जब इसके रखरखाव की बात आई, विभाग ने हमेशा अपने हाथ सिकोड़े हैं। कई बर्षों से इसकी साफ सफाई नहीं होने के कारण इसमें जहां विशाल जंगल उग आये हैं, वहीं धनीधोरी नहीं होने के कारण लोगों ने मलंगा नाले में ही अतिक्रमण करके अपने घर बना लिये हैं। गांधी नगर से लेकर मालवीय नगर और गोखले नगर में भी कई जगह यह नाला सिर्फ नाली बन कर रह गया है। अभी सप्ताह भर पूर्व इस तरह की अफवाह फैलने पर कि मलंगा में बाढ आने वाली है, नागरिकों की सिट्टी पिट्टी गुम हो गई थी और अपने अपने सूत्रों से इसकी तस्दीक में लग गये थे। हालांकि बाद में नहर विभाग के अधिशासी अभियंता द्वारा यह पुष्टि कर देने के बाद कि करई बांध जहां से मलंगा का उद्गम है, में इतना पानी नहीं है कि बाढ जैसे हालात निकट भविष्य में बनें। यहां मालवीय नगर इलाके में राज्यसभा सांसद ब्रजलाल खाबरी ने सांसद निधि से मलंगा नाले के ऊपर एक पुल बनवाया था लेकिन पुल के उस तरफ रास्ता नहीं होने के कारण यह पुल हैंगिंग पुल के रूप में अपनी उपस्थिति भर दर्ज करा रहा है, इसकी उपयोगिता शून्य है। महंत नगर से लेकर मालवीय नगर होकर आने बाले इस मलंगा की दशा इतनी दयनीय है कि अगर बाढ आई तो न केवल उस इलाके में बल्कि समूचे कोंच में भीषण तबाही की ऐसी इबारत लिखी जायेगी कि लोग वर्षों तक याद रखेंगे। तीन साल पहले यह सब कुछ हो भी चुका है जब इसमें आई बाढ में करोड़ों की संपत्ति का नुकसान हुआ, सैकड़ों मकान जमींदोज हो गये और मलंगा ने दो जानें भी लीलीं थीं।
कुछ सफाई पालिका ने कराई जरूर है, लेकिन नाकाफी है
इस मलंगा नाले की साफ सफाई की जिम्मेदारी बैसे तो बेतवा नहर विभाग की है, गाहे बगाहे नागरिकों की मांगों पर विभाग ने इसकी साफ सफाई के लिये प्रोजेक्ट बना कर भेजे जरूर लेकिन करोड़ों की लागत इनमें दर्शाने की बजह से कभी भी शासन से इन्हें मंजूरी नहीं मिल सकी है। अभी कुछ माह पहले पालिका प्रशासन ने जरूर कुछ साफ सफाई मलंगा की कराई जरूर है जिससे वहां नाले का फैलाव स्पष्ट दिखने लगा है लेकिन काम बड़ा और बड़े बजट का होने के कारण इसे पंख नहीं मिल सके हैं। हालांकि डीएम ने पिछले महीनों में इसकी साफ सफाई पर संज्ञान लेकर पालिका सीमा क्षेत्र में पडने बाले मलंगा की सफाई की जिम्मेदारी पालिका पर डाली थी और इसके आगे ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा से काम कराने के लिये कहा था। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि मलंगा की सफाई और इसमें पसरे अतिक्रमण को हटाने को लेकर प्रशासन के निर्देश कितने धरातल पर उतर पाते हैं?
इंसेट में-
मोहल्ला मालवीय नगर के रहने बाले अरविंद का घर बिल्कुल मलंगा से सटा हुआ है, वह बताता है कि कई बाढों का कहर झेल चुका उसका परिवार बाढ के नाम से ही कांप उठता है, रातों को नींद नहीं आती है और थोड़ा भी पानी अगर मलंगा में बढता है तो वह अपना माल असबाब सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर देते हैं। उन्होंने बताया कि उक्त कथित हैंगिंग पुल के उस तरफ लगभग दो दर्जन परिवार रहते हैं जो मलंगा में पानी बढने की स्थिति में उसी तरफ फंस कर रह जाते हैं।
इंसेट में-
इसी इलाके के निवासी बाबूजी अहिरवार भी मलंगा की दुर्दशा को लेकर काफी आहत और भयभीत हैं, उनका कहना है कि कभी भी मलंगा नाले की सफाई नहीं होने के कारण बाढ की स्थिति में नाले का पानी रिहायशी इलाकों में पैर पसार कर भारी तबाही मचाता है। हैंगिंग पुल के उस तरफ यदि सड़क बन जाये तो उस तरफ की आबादी को काफी सहूलियत हो जायेगी। उन्होंने अबैध अतिक्रमणों को भी बाढ की बिभीषिका का जिम्मेदार ठहराया है।







Leave a Reply