0 सागर तालाब को ठेके पर उठाने का प्रस्ताव पास हो सकता है बोर्ड बैठक में
कोंच-उरई। नगर के बीचोंबीच पालिका के किनारे अवस्थित ऐतिहासिक चंदेलकालीन सागर तालाब का बहुप्रतीक्षित सुंदरीकरण अब अंतिम चरण में है और तालाब में पानी भरने का काम चल रहा है। पालिका की महत्वाकांक्षी योजना इस तालाब में वोटिंग कराने की है जिसके लिये रोडमैप तैयार किया जा रहा है। सूत्रों की अगर मानें तो पालिका की 30 जुलाई को होने बाली बैठक में सागर तालाब को लेकर अहम् प्रस्ताव पास किया जा सकता है जिसमें इसे पीपीपी मॉडल पर ठेके पर उठाया जा सकता है।
पिछले कई दशकों तक निकाय चुनाव का मुद्दा बने रहे सागर तालाब सुंदरीकरण को मौजूदा बोर्ड ने ऐसे पंख दिये कि यह मुद्दा ही अब खत्म हो गया। जितना संभव हो सकता था, पालिका ने इसका सुंदरीकरण करा दिया है जिसमें तालाब के चारों ओर की रेलिंग को ऊंचा किया जाना, तालाब में पड़े सभी नालों को बंद कराना, बल्दाऊ धर्मशाला की ओर काफी बड़ा प्लेटफॉर्म बनवाना, तालाब की खुदाई सफाई और पानी भरने के लिये नलकूप की स्थापना के काम पूरे हो चुके हैं। तालाब के ठीक बीचोंबीच अत्यंत आकर्षक फव्वारा भी स्थापित किया गया है जिसे रंगीन रोशनियों से सज्जित कर दिया गया है। रात में नजारा देखते ही बनता है। कुल मिला कर अब तालाब नागरिकों के लिये न सिर्फ आकर्षण का बल्कि पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित हुआ है। पालिका भी इसे आम जनता के लिये समर्पित करने पर विचार कर रही है। सूत्रों की अगर मानें तो 30 जुलाई को होने बाली बोर्ड बैठक में तालाब को लेकर अहम् फैसला लिये जाने की पूरी उम्मीद है।
क्या है तालाब का रोडमैप..?
इस ऐतिहासिक तालाब में नगर की जनता नौका विहार कर सकेगी। जैसा कि विदित हुआ है, पालिका इसे पीपीपी मॉडल पर ठेके पर उठा सकती है जिसमें कान्ट्रेक्टर को इसमें कम से कम चार पैडल वोट डालनी होंगी और कश्मीर की डल झील की तर्ज पर दो सज्जित शिकारे डालने होंगे। ठेकेदार को अपनी टीम में वोटिंग करने वालों की सुरक्षा का पूरा प्रबंध रखना होगा, मसलन जो भी तालाब में वोटिंग के लिये उतरेगा वह लाइफ जैकेट से लैस होगा, किसी भी विषम परिस्थिति के लिये कम से कम दो तैराकों को वोटिंग के वक्त अलर्ट स्थिति में रहना होगा। तालाब शाम के समय किसी पिकनिक स्पॉट की मानिंद विकसित करने की पालिका की योजना है।







Leave a Reply