उरई। मवेशी चराते समय चरवाहा पैर फिसल जाने की वजह से बारिश में तेज धार में चल रही नदी के भीतर जा गिरा। उसे डूबता देख एक युवक उसे बचाने के लिए कूंदा तो वह भी भंवर में फंस गया। हालांकि उसे आसपास के ग्रामीणों ने किसी तरह बचा लिया। लेकिन चरवाहे का अभी तक कोई पता नही चला है।
सिरसाकलार थाने के हथना में गांव के बाहर मवेशी चरा रहे गुपलापुर निवासी आजाद (26वर्ष) पुत्र इकबाल का पैर फिसल गया। जिससे वह बाढ़ में उफन रही नून नदी में जा गिरा और डूबने लगा। यह देख बब्लू (24वर्ष) पुत्र मातादीन उसे बचाने के लिए कंूद पड़ा। लेकिन वह आजाद को तो नही बचा सका खुद उसकी जान सांसत में पड़ गई। गनीमत यह रही कि नदी किनारे मौजूद अन्य लोगों ने उसे नदी के अंदर हाथ-पैर मारते देखा तो किसी तरह रस्सी डालकर उसे बाहर निकाला। बाद में आजाद की काफी देर तक खोज की गई लेकिन उसका अभी तक कोई पता नही चला है।
आजाद के एक भाई की तीन साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान के रूप में जीवित रह गया था। दो साल पहले पिता ने उसका विवाह भी कर दिया था। इस कारण आजाद के साथ अनहोनी के इस वाकये ने उसके परिवार को जबर्दस्त शोक की खाई में धकेल दिया है। परिवार ही नही पूरा गांव उसके साथ हुई इस अनहोनी से स्तब्ध और गमजदा है।







Leave a Reply