cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। सत्रह साल तक दिवंगत बीटीसी साथी के कागजों पर नाम बदलकर नौकरी करते रहे शिक्षक के खिलाफ दो साल पहले रिपोर्ट दर्ज हो गई थी फिर भी वह पुलिस की आंखों में धूल झोंकता रहा था। अंततोगत्वा वांछित अपराधियों की धरपकड़ का टारगेट पूरा करने के लिए सिरसाकलार पुलिस ने इसे दबोच लिया।
कुठौंद थाने के बिचैली गांव का निवासी जय सिंह चैहान सत्रह साल तक ललितपुर जिले के रमेसरा गांव की प्राइमरी पाठशाला में रमेश चंद्र त्रिपाठी के नाम से नौकरी करता रहा। हुआ यूं कि रमेश चंद्र त्रिपाठी रामपुरा के रहने वाले थे। जिस साल उनकी मौत हुई उसी साल बीटीसी अभ्यर्थियों की शिक्षक चयन सूची में उनका नाम आ गया। रमेश चंद्र की पत्नी मंजू का जयसिंह के गांव बिचैली में मायका था और शुरू से मंजू व जयसिंह के बीच प्रगाढ़ संबंध थे। जिसके चलते मंजू ने अपने पति के सारे शैक्षणिक व अन्य कागजात जयसिंह को दे दिये। उन कागजातों की मदद से हरसिंहपुर निवासी एक नेता ने उन्हें शिक्षक की नौकरी दिला दी और ललितपुर में उनकी तैनाती करा दी। इसके एवज में तय हुआ था कि जयसिंह अपने वेतन का आधा हिस्सा हरसिंगपुर के नेता को देता रहेगा। उसने कई साल तक यह क्रम जारी रखा। लेकिन इसके बाद उसकी नीयत डोल गई। जब उसने चार महीने लगातार बहानेबाजी की तो हरसिंगपुर के नेताजी ने उसकी शिकायत कर दी। अपने को फसता देख दो साल पहले उसने तब नौकरी छोड़ दी जब उसके रिटायरमेंट के कुछ महीने रह गये थे। जांच में आरोप सत्य साबित होने पर जय सिंह के खिलाफ ललितपुर में चार सौ बीसी का मुकदमा दर्ज हो गया जिससे वह भागकर अपने जिले में चला आया। तब से न तो ललितपुर की पुलिस ने और न ही जालौन की पुलिस ने उसे पकड़ने की परवाह की।
हाल में लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ मुहिम छेड़ी गयी जिसमें एक साल से अधिक समय से पकड़े न जा सके अपराधियों को जेल पहुंचाने को प्राथमिकता में शामिल किया गया। इसके लिए बनाई गई सूची में जयसिंह का भी नाम आ गया और सिरसाकलार पुलिस को उसे पकड़ने का टाॅस्क सौंपा गया। गुरुवार को सिरसाकलार पुलिस ने उसे सिम्हारा चैराहे पर उस समय आसानी से धरदबोचा जब वह वेफिक्री के आलम में लोगों के बीच दीनदुनिया की हांक रहा था।

Leave a Reply