0 वूमेन पावर पर किये फोन पर जालौन पुलिस ने कराया बंधनमुक्त
0 मामले की नहीं लिखी जा रही रिपोर्ट
0 जालौन और कोंच पुलिस एक दूसरे के पाले में फेंक रही मामले की गेंद
कोंच-उरई। एक सगी रिश्तेदार लड़की को मौसेरा भाई ही छह माह तक बंधक बना कर अपनी मौसेरी बहन के साथ करता रहा रेप। लड़की द्वारा मौका मिलने पर वूमेन पावर 1090 पर फोन करने के बाद सक्रिय हुई जालौन पुलिस ने उस लड़की को बंधन मुक्त करा कर उसके पिता को सौंप जरूर दिया लेकिन मामले की एफआईआर लिखने की जब बात आई तो उसने मामला कोंच का बता कर अपना पल्ला झाड़ लिया। इधर जब पीड़िता अपने परिजनों के साथ कोंच कोतवाली पहुंची तो उसने मामला जालौन का बता कर चलता कर दिया। पुलिस की इस कार्यशैली को लेकर सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर पीड़िता को कैसे न्याय मिल सकेगा।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोराकरनपुर निवासी एक बीस बर्षीया लड़की का जालौन के ग्राम शहजादपुरा का रहने बाला मौसेरा भाई हरेन्द्र पुत्र मानसिंह कुशवाहा गुजरी 5 दिसंबर 2015 को गोरा आया और लड़की को अपने साथ अपने गांव लिवा ले गया। चूंकि रिश्ता ऐसा है कि इसमें अमूमन संदेह की गुंजाइश न के बराबर ही होती है, सो लड़की के घराबालों ने बिना किसी हील हुज्जत के उसे भेज दिया। अगले दिन हरेन्द्र अपने भाई नरेन्द्र के साथ पानी पूड़ी के धंधे पर गुजरात के सूरत शहर गया और लड़की को भी साथ लेता गया। लड़की ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि वहां वह तमंचे की नोंक पर उसके साथ बलात्कार करता रहा और विरोध करने पर वह मारपीट कर देता। जब भी वह धंधे पर निकलता तो उसे घर में ताले में कैद करके जाता था। गुजरी 21 जून 2016 को हरेन्द्र व नरेन्द्र उसे सूरत से अपने गांव लाये जहां उसने अपने मौसा मानसिंह व मौसी सरोज को पूरी आपबीती सुनाई तो उन्होंने भी उसे धमकाया कि किसी से अगर कहा तो जान से मार देंगे। 29 जुलाई को मानसिंह का मोबाइल उसके हाथ लग गया तो उसने 1090 हेल्पलाइन नंबर डायल कर दिया और उसी आधार पर जालौन पुलिस ने उसे बंधनमुक्त करा लिया लेकिन आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही करने की बात आई तो पुलिस ने मामला कोंच का बता कर अपना पल्ला झाड़ लिया। पीड़िता अपने पिता के साथ कोंच कोतवाली जब गई तो यहां भी उसे मामला जालौन का बता कर टरका दिया गया। इस तरह एक मासूम अपने मानसिक और यौन उत्पीडन को लेकर न्याय के लिये दर दर भटकने के लिये मजबूर है। इस मामले को लेकर जब सीओ अवधेश कुमार शुक्ल से बात की गई तो उन्होंने ऐसा कोई भी मामला संज्ञान में नहीं होने की बात कही।







Leave a Reply