0 पीएमओ के लिए नमन ने तैयार किया महत्वपूर्ण एप
0 मनरेगा पर बन रहा एप दूर करेगा पेमेंट की समस्या
0 दिल्ली में आज पूरी टीम को सम्मानित करेंगे प्रधानमंत्री
उरई। प्रधानमंत्री कार्यालय के लिए दो एंड्रायड एप बनाने वाले नमन द्विवेदी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शाम अपने हाथों एक समारोह में सम्मानित किया। उसके ये दोनों एप बड़े काम के साबित होंगे। पहला एप पीएमओ से जुड़ी महत्वपूर्ण नीतियों से अवगत करायेगा तो दूसरे में मनरेगा के पेमेंट की गांव स्तर तक की जानकारी मिलेगी। इसमें लेट लतीफी के अलावा काफी हद तक भ्रष्टाचार पर लगाम कस सकेगी। प्रधानमंत्री कार्यालय की वेबसाइट पीएम इंडिया डाॅट इन आईसी डाॅट इन का अभी तक अपना कोई एप नही था।
पीएमओ की ओर से जब नमन को आमंत्रण पत्र मिला था तब नमन के परिवार के साथ-साथ पूरा जिला गर्व का अनुभव करने लगा। जालौन कस्बे के रहने वाले नमन द्विवेदी अभी सिर्फ 19 वर्ष के हैं। पिता शशिकांत द्विवेदी बैंकर्स और मां मालती द्विवेदी पेशे से चिकित्सक हैं। मां का संघर्ष और उनकी तपस्या ही बच्चों के काम आई। बेटी नम्रता दिल्ली में डाॅक्टर है और बड़ा बेटा शिवम मुंबई में कानून की पढ़ाई पूरी कर रहा है। कमाल तो छोटे बेटे ने कर दिखाया। गूगल ने भी उसे हाथो-हाथ लिया है। शांतचित्त नमन के मन में कक्षा 9 से कंप्यूटर के प्रति आकर्षण पैदा हुआ था। पढ़ाई के लिए मामा हरिशंकर तिवारी के पास दिल्ली भेजा गया था। आईआईटियंस बनने में सफलता तो नही मिली लेकिन कम्प्यूटर से लगाव ने उन्हें एक नई कहानी गढ़ने का अवसर दे दिया। फिलहाल वह देहली टेक्निकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में बीई के विद्यार्थी हैं। यही से उनका हुनर सामने आया। केंद्र सरकार का ध्यान इस वक्त योजनाओं की शुचिता और पारदर्शिता पर है। गूगल के सहयोग से इसके लिए एप बनवाये जा रहे हैं। पीएमओ अपने लिए एक ऐसा एंड्रायड एप बनवाना चाहता था जिसमें प्रधानमंत्री के विदेशी दौरों तथा उसके द्वारा संचालित सभी योजनाओं की जानकारी देश को मिल सके। गूगल ने इसके लिए डेवलपर के तौर पर नमन को चुना। पांच लोगों के साथ मिलकर अब वैसा ही एप तैयार कर लिया गया जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते थे। बताया जाता है कि मोदी इससे इतना खुश हुए कि वह समारोह में पूरी टीम को शाबाशी देना चाहते थे जो आज संभव हुआ। उन्होंने इन युवा वैज्ञानिकों को दिल खोलकर शाबाशी दी और उम्मीद जताई कि उनका यह तकनीकी प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम काॅम्प्लेक्स में आयोजित समारोह में मोदी ने पूरा एक घंटा बिताया। इस दौरान नमन को सम्मानित होते देखने के लिए उनके मामा हरीशंकर तिवारी भी मौजूद थे। जबकि माता-पिता टीवी के द्वारा अपने बेटे की प्रगति को निहार रहे थे। इस एप के अतिरिक्त नमन मनरेगा पर भी एक एप तैयार करने में जुटे हैं। पेडैश नामक यह एप हार्वर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा तैयार करवाया जा रहा है। इसमें नमन को मुख्य डेवलपर के तौर पर जिम्मेदारी मिली। पेडैश एप के अस्तित्व में आते ही मनरेगा में भुगतान संबंधी धांधली पर रोक संभव हो सकेगी। केंद्र से गांव तक पैसा पहुंचने में 60 अधिकारियों की कड़ी से गुजरना पड़ता है। इसमें काफी विलंब भी होता है। लेकिन मोदी चाहते है कि 15 दिनों के भीतर मजदूरी मजदूरों के खातों तक पहुंच जाये।
एप से पता चलता रहेगा कि किस अधिकारी के स्तर पर लेटलतीफी हो रही है और इसकी जानकारी पीएमओ तक पहुंचती रहेगी। तब ऐसे अधिकारियों पर अंकुश लगाने के लिए यह एप मुख्य हथियार साबित होगा।
नमन की इस उपलब्धि पर सभी खुश हैं
प्राचार्य डाॅ. राकेश द्विवेदी के अनुसार 4 वर्ष पूर्व नमन जब अपने पिता के साथ उनसे मिलने आया था तभी कह दिया था कि वह ऊंचाइयों तक जायेगा। उसके अति शांत स्वभाव एवं गंभीरता से उसकी मां को कई बार चिंता भी होने लगती थी। पूरे परिवार को 6 अगस्त की सुबह का बेसब्री से इंतजार था।
अगले माह परदेशी हो जायेंगे नमन
नमन द्विवेदी अब कुछ ही दिनों के मेहमान हैं। गूगल उनकी क्षमताओं को और विस्तृत करना चाहता है तांकि उसका और लाभ लिया जा सके। सितंबर में नमन कैलीफोर्निया चले जायेंगे। यहीं पर गूगल का मुख्यालय है। वहां पर वह कुछ विदेशी एप विशेषज्ञों के साथ काम करके अपनी कार्यक्षमता को बढ़ायेंगे। गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई से भी मुलाकात करने का प्रयास होगा। एक बातचीत में कहा कि उसके विकास में माता-पिता का विशेष योगदान है।
118 टीमों को पछाड़ा था
नमन भाग्यशाली हैं कि पीएम इंडिया वेबसाइट के लिए जिस एप को चुना गया वह उनकी टीम द्वारा तैयार किया गया है। सर्वश्रेष्ठ एप चुनने के लिए देश भर के कम्प्यूटर इंजीनियरों की प्रतियोगिता कराई गई जिसमें 119 टीमों ने हिस्सा लिया था। इस प्रतिस्पर्धा में छात्र से लेकर आईटीओ के पेशेवर तक शामिल हुए। सभी के द्वारा अपने एप पीएमओ भेजे गये लेकिन बाजी नमन द्विवेदी के हाथों लगी। निश्चित तौर पर उनके लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है।







Leave a Reply