06orai01उरई। जिला मुख्यालय पर तहसील परिसर में जिलाधिकारी संदीप कौर की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित हो रहे जन शिकायत सुनवाई के दौरान एक वृद्ध किसान के पछाड़ खाकर गिर जाने से हड़कंप मच गया। तहसीलदार वीके राय ने आनन-फानन में अचेत किसान को उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
डकोर थाने के ग्राम बंधौली निवासी 65 वर्षीय गंगा प्रसाद तहसील दिवस में सरकारी नलकूंप की पाइप लाइन फटी होने की वजह से उनकी खेती जलमग्न रहने के कारण कई वर्ष से बर्बाद होने की शिकायत करने आये थे। मौत के बाद उनकी जेब से जो प्रार्थना पत्र निकला उस पर 1 सितंबर 2015 की तारीख अंकित है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने गत् वर्ष से अभी तक लगभग दो दर्जन से अधिक प्रार्थना पत्र तहसील दिवस सहित विभिन्न फोरम में दिये लेकिन उन्हें कोई राहत नही मिल सकी। आज वे पुराना प्रार्थना पत्र लेकर डीएम साहिबा को दिखाने आये थे। मौसम खराब होने के कारण लगता है कि उन्हें धमका बैठ गया जिससे हृदय गति रुक जाने के कारण उनकी मौत हो गई।
उधर नलकूंप विभाग के अधिशाषी अभियंता अखिलेश गौड़ से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि उनके पास गंगा प्रसाद द्वारा दिया गया पिछला प्रार्थना पत्र कार्रवाई के लिए आया था लेकिन बजट न होने की वजह से प्रस्ताव तैयार कराने के बाद वे उनके खेत से जल निकासी के लिए गूल नही बनवा सके थे।
इसी बीच डीएम संदीप कौर ने वृद्ध फरियादी की मौत पर अफसोस जताया है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार को नियमानुसार सहायता दिलाने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने अधिकारियों का फिर से चेतावनी जारी की है कि वे तहसील दिवस के संदर्भित होने वाले प्रार्थना पत्रों में समय रहते कारगर कार्रवाई करें। उन्हें अगर फरियादी को राहत देने में कोई रुकावट महसूस हो रही है तो उन्हें अवगत करायें तांकि वे उपयुक्त हस्तक्षेप कर सकें।

Leave a comment