उरई। सिरसाकलार थाना क्षेत्र में जुएं के अडडे पर पहुंचे पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई और जंजीर छीनने की घटना हो गई। जानकारी मिलने के बाद एडीशनल एसपी सीओ के साथ मौके पर पहुंचे। इस सिलसिले में 20 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जो सरकारी सफाई कर्मी बताया गया है। हालांकि लोग घटना की मुख्य वजह जुआ के फड़ों से पुलिस की त्यौहार भर नियमित वसूली में हुए विवाद को बता रहे हैं।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के तरसौलपुरवा गांव में कई दिनों से जुआ हो रहा है। चर्चा यह है कि पुलिस कर्मी इस जुएं के फड़ को संरक्षण दिये हुए थे। जिसके बदले में वे प्रतिदिन फड़ पर वसूली के लिए पहुंचते थे। ताजा घटना में जब वे वसूली के लिए पहुंचे तो हारे हुए जुआरी बैठे थे जो पुलिस की डिमांड पर उखड़ गये। चूंकि वर्दी का रुआब उनसे व्यापारिक संबंध बनाकर पुलिस ने पहले ही उनके दिल में खत्म कर दिया था। जिसकी वजह से उन्होंने पुलिस कर्मियों पर हाथ उठाने का भी दुस्साहस कर डाला। उनकी मारपीट में पुलिस कर्मियों की बुरी गत बनी। दो पुलिस कर्मी घायल भी हो गये।
यह खबर प्रसारित होते ही डिपार्टमेंट का इज्जत का सवाल बन गया। जिला मुख्यालय से एडीशनल एसपी सुभाष चंद्र शाक्य, सीओ जालौन के साथ थाने पहुंचे। हालात का जायजा लेने के बाद तरसौलपुरवा में ताबड़तोड़ दबिशे भेजी गईं। कहा तो यह जाता है कि सफाई कर्मी सुजान सिंह का भाई पुलिस के साथ हाथापाई में शामिल था लेकिन दबिश के पहले ही वह घर से गायब हो गया था। इसके चलते पुलिस सुजान सिंह को उठा लाई और मारते-मारते उसका हलुआ बनाने के बाद विधिवत् उसको गिरफ्तार कर लिया।






Leave a comment