उरई,  : छुट्टी के दिन बैंक में चोरी की वारदात से पुलिस सकते में है। हालांकि बैंक के स्ट्रांग रूम को खेलने में चोर कामयाब नहीं हो पाये, लेकिन कंप्यूटर एवं अन्य सामान वे ले गये। बैंक में चोरी की यह वारदात पुलिस के लिये चुनौती बनी गई है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस संदिग्धों की सूची बनाकर उनकी तलाश में जुटी है। हालांकि अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है। सीओ सिटी डा. जंग बहादुर ¨सह का कहना है कि जल्द घटना का खुलासा करने की कोशिश की जाएगी।

विदित हो कि नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गढ़र में रविवार रात यूपी इलाहाबाद ग्रामीण बैंक शाखा में चोरों ने सेंध लगा दी थी। जंगला तोड़कर चोर बैंक के अंदर घुस गये जहां उन्हें नकदी नहीं मिल पाई लेकिन वें कुर्सी पर रखा कंप्यूटर चोरी कर ले गये। ग्राम गढ़र में विगत कई साल से यूपी इलाहाबाद ग्रामीण बैंक की शाखा संचालित हो रही है। बताया जाता है कि दीपावली की रात को जब ग्रामीण पूजा करने के बाद गहरी नींद में सो गये, इसी दौरान चोरों ने बैंक शाखा में चोरी करने की मंशा से भवन में लगा जंगला उखाड़कर फेंका। चोर बैंक के अंदर चोरी करने की मंशा से घुस गये। हालांकि मजबूत स्ट्रांग रूम तक चोर नहीं पहुंच सके, लिहाजा चोर सिर्फ कंप्यूटर ही उठा ले गये। । सुबह बैंक में हुई सेंधमारी का पता चला तो गांव में हड़कंप मच गया। सीओ सिटी ने गांव पहुंचकर मामले को लेकर छानबीन की। इसके बाद शाखा प्रबंधक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। बैंक में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था इस वजह से फिलहाल चोरों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है। सीओ सिटी की कहना है कि बैंक में हुई चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है। कोशिश की जाएगी कि जल्द चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाए।

Leave a comment