उरई। सिरसा कलार में बाजरा की कटी फसल से भरी ट्रैक्टर ट्राली पर अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर पड़ा जिससे आग दहक उठी। इस घटना में किसान और उसका पुत्र गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गए। बाद में फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची तब आग पर काबू पाया जा सका।
सिरसा कलार में रामेश की चार बीघा फसल की कटाई आज हुई थी। कटाई के बाद बाजरे की बालें लादकर वे ट्रैक्टर ट्राली से ले जाने ही वाले थे कि जर्जर हाईटेंशन लाइन टूटकर उनकी ट्राली पर गिर पड़ी जिससे बालियों में आग लग गई। बदहवास रामेश और उसके पुत्र हरिओम ने अपनी मेहनत की कमाई इस तरह खाक होते देख आग बुझाने के लिए अंधाधुंध हाथ-पैर मारने शुरू कर दिए जिससे दोनों ही झुलस गए। ट्रैक्टर मालिक शफीउल्ला भी इस जद्दोजहद के दौरान बाल-बाल बचे।
इस बीच मोबाइल से कॉल करके फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी गई जिसके कारण कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और समय पर उसकी मशक्कत से आग को बुझा लिया गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही से आये दिन हो रहे नुकसान पर गुस्सा जताया है। साथ ही विभाग से पीड़ित किसान को पूरा मुआवजा दिलाने की मांग भी जिलाधिकारी से की है।







Leave a comment