0 राहुल संदेश यात्रा के सिलसिले में कोंच के कांग्रेसियों में जोश भरा जोनल प्रभारी ने
konch3कोंच-उरई। कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और राहुल संदेश यात्रा की झांसी जोन की प्रभारी डॉ. विजयलक्ष्मी साधु ने केन्द्र की मोदी सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार देते हुये कहा कि मोदी ने चुनाव पूर्व जो सब्ज बाग आम जनता को दिखाये थे वे सब हवा सहवाई साबित हुये हैं और भाजपा से आम जनता का मोह भंग हो चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राहुल संदेश यात्रा का मकसद इस मायने में पूरा हो रहा है कि उनके संदेशों को जनता सुन भी रही है और समझ भी रही है। यह बात उन्होंने यहां कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष अखिल वैद के आवास पर पत्रकारों से कही। कांग्रेस और सपा के बीच गठजोड़ की बात को उन्होंने शीर्ष लेबिल का नीतिगत फैसला बताते हुये कहा कि इस बारे में पार्टी आलाकमान जो भी फैसला लेगा उसे कार्यकर्ता मानेंगे।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस का पूरा फोकस फिलवक्त राहुल संदेश यात्रा पर है। कांग्रेस का मानना है कि राहुल गांधी ने केन्द्र सरकार को घेरने के लिये जिन मुद्दों को उठाया है उन्हें लेकर जनता के बीच सकारात्मक संदेश जा रहा है। खासतौर पर किसानों के कर्जे माफ, बिजली बिल हाफ और समर्थन मूल्य का दो हिसाब ने मोदी सरकार की पोलपट्टी खोल कर रख दी है। कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव पूर्व मंत्री मध्यप्रदेश शासन और पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. विजयलक्ष्मी साधु ने यहां रेंढर जाते वक्त कोंच में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि राहुल संदेश यात्रा के लिये पूरे प्रदेश को अट्ठारह जोन में बांटा गया है और वरिष्ठ कांग्रेसियों को उनका प्रभारी बनाया गया है ताकि वे लोकल सांसदों, विधायकों, जिलाध्यक्षों, शहर अध्यक्षों आदि के साथ समन्वय बिठा कर राहुलजी के संदेशों को आम जनता के बीच ले जाकर केन्द्र की विफलताओं के बाबत उन्हें बतायें और कांग्रेस के सत्ता में आने पर वह आम लोगों के लिये क्या करेंगे, इसकी जानकारी उन्हें देकर पार्टी का जनाधार बढायें। पांच जिलों झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, बांदा की जोनल प्रभारी डॉ. विजयलक्ष्मी ने एक सवाल पर कहा कि पार्टी में मतभेद तो हो सकते हैं लेकिन मनभेद नहीं हैं और कार्यकर्ताओं के बीच जो भी गलतफहमियां यदि होंगी भी तो उन्हें मिल बैठ कर दूर लिया जायेगा। उन्होंने दावा किया कि आने बाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के बेहतर प्रदर्शन को लेकर वह पूरी तरह से आश्वस्त हैं। इस सवाल पर कि क्या सपा से कांग्रेस का गठजोड़ होने जा रहा है, पर साधु ने कहा कि इस बारे में फैसला लेने का अधिकार शीर्ष लेबिल के नेताओं को है, इस बाबत वह कुछ भी नहीं कह सकतीं। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष प्रभूदयाल गौतम, पूर्व नगर अध्यक्ष अखिल वैद, सभासद राघवेन्द्र तिवारी, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद अहमद, काजी जाहिद आदि मौजूद रहे।

Leave a comment