उरई। बाइक से जा रहे भाई-बहन को अज्ञात बदमाशों ने तमंचे की नोक पर लूट लिया। डायल-100 पर पीड़ित ने फोन किया लेकिन नाम बड़े, दर्शन छोटे की कहावत चरितार्थ करते हुए इस योजना से जुड़े धुरंधर मौके पर नही पहुंच सके। बाद में कोतवाली पुलिस ने मौके पर आकर जांच की और बदमाशों का पता लगाकर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के छिरिया सलेमपुर निवासी प्रमोद प्रजापति मंगलवार की शाम अपनी बहन को लेकर सिकरी राजा जा रहे थे। इसी बीच बाइक सवार दो युवकों ने उनकी गाड़ी के आगे आकर उन्हें रोक लिया। जब तक वे कुछ समझ पाते तब तक उनमें से एक ने तमंचा अड़ा दिया और प्रमोद की बहन के कानों से बाले, मंगलसूत्र, अंगूठी व तोड़िया उतरवा लीं। उन्होंने मोबाइल भी छीन लिया और कुछ जरूरी कागज भी जबर्दस्ती ले लिए और उड़न छू हो गये।
घटना के बाद डरे-सहमे प्रमोद को जब तोड़ा होश संभालने का मौका मिला तो उन्होंने डायल-100 पर फोन किया लेकिन इस महत्वाकांक्षी योजना का थोथापन सामने आ गया। जब काफी देर तक कोई नही आया इसके बाद उन्होंने जालौन-कोतवाली को सूचना दी। तब प्रभारी निरीक्षक फंदनलाल सदलबल मौके पर आये और छानबीन की। ध्यान रहे कि 4 फरवरी को भी जालौन क्षेत्र में मजीठ निवासी यूनुस शाह को अलाईपुरा की बंबी के पास लूट लिया था। इस घटना का भी आज तक खुलासा नही हो सका है। इसके चलते पुलिस की चैकसी और इकबार पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि कोतवाल का कहना यह है कि जल्द ही दोनों घटनाओं के अपराधी जेल के अंदर पहुंचा दिये जायेगे।

Leave a comment