0 आपूर्ति निरीक्षक पहुंचे कोटेदार की धांधली की शिकायतों की जांच करने
कोंच-उरई। एक तरफ सरकार खाद्य सुरक्षा कानून लागू करके गरीबों को खाद्यान्न की सुरक्षा प्रदान करने के दावे कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ कोटेदारों की मनमानी के चलते गरीबों का राशन हड़पा जा रहा है। मजेदार यह है कि इनकी शिकायतों पर प्रशासन कान नहीं दे रहा है जिसके चलते इनकी मनमानियां बढती ही जा रही हैं। ऐसा ही एक मामला आया है ग्राम कैलिया में जहां के ग्रामीणों द्वारा दर्जन भर बार शिकायत की गई तब कहीं अब जाकर आपूर्ति विभाग चेता और बुधवार को कैलिया पहुंच कर मामले की जांच की।
कैलिया के कोटेदार के बारे में ग्रामीणों की शिकायत है कि वह उनके पास राशन कार्ड होने के बाबजूद खाद्यान्न नहीं दे रहा है और थोड़ा बहुत जो देता भी है उसमें घटतौली की शिकायतें मिल रहीं हैं। गांव के समाजसेवी राहुल तिवारी ने बताया है कि कोटेदार गजराज झा की तमाम शिकायतें रद्दी की टोकरी में जा चुकी हैं। जब आपूर्ति विभाग द्वारा कई शिकायतों पर संज्ञान नहीं लिया गया तो ग्रामीणों ने उच्च स्तर पर भी शिकायत की जिसके चलते बुधवार को आपूर्ति निरीक्षक अखिलेश कुमार सरोज गांव पहुंचे और ग्रामीणों से रूबरू हुये। ग्राम प्रधान हरीमोहन पटेल के अलावा ग्रामीणों सुनील तिवारी, जावेद अली, राजेश राठौर, विजय सिंह, कन्हैया रायकवार आदि ने एक बार वही शिकायतें दोहराईं कि कोटेदार की अनियमितताओं से ग्रामीण खासे नाराज हैं लिहाजा कोटेदार का कोटा निरस्त करके किसी दूसरे को कोटा आवंटित किया जाये। आपूर्ति निरीक्षक ने लगभग दो दर्जन ग्रामीणों से पूछताछ की है जिसमें शिकायत सही पाई गई है। आपूर्ति निरीक्षक के मुताबिक कोटेदार द्वारा विगत चार पांच महीनों से ग्रामीणों को खाद्यान्न नहीं उपलब्ध कराने की शिकायत मिली है जिस पर कोटेदार के खिलाफ समुचित कार्यवाही जरूर की जायेगी।







Leave a comment