0 भगतसिंह नगर स्कूल में रैंप अंदर, बाहर तीन फीट ऊंची और इतनी ही नीची सीढियां
कोंच-उरई। एक ओर जहां चुनाव आयोग मतदाता जागरूकता अभियान चला कर मत प्रतिशत बढाने के लिए रात-दिन एक कर रहा है, वहीं लोकल चुनाव मशीनरी लिखित अनुरोध करने के बाद भी जागरूक निरूशक्त मतदाताओं के प्रति गंभीर नहीं दिखाई दे रही है। स्थानीय प्रशासन से लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट और सहायक निर्वाचन अधिकारी तक बूथों का निरीक्षण कर रहे हैं और ऑल इज वैल बताने में लगे हैं, लेकिन कई जगह समस्यायें अभी भी सिर उठाये खड़ी हैं जिनका समाधान जरूरी है।
बुजुर्गों और निःशक्त मतदाताओं के लिये बूथों में पहुंच बनाने के लिये रैंप की व्यवस्था करने के निर्वाचन आयोग के कड़े निर्देश हैं लेकिन दर्जनों बार के बूथों के निरीक्षण के बाबजूद अभी भी कई बूथ समस्याओं से ग्रस्त हैं किंतु निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी समस्या का समाधान करने में रुचि नहीं ले रहे हैं। 219 माधौगढ़ विधान सभा क्षेत्रांतर्गत कोंच नगर पालिका परिषद् क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय भगतसिंह नगर नं. 2 नगर क्षेत्र, जिसमें बूथ सं. 361 व 362 स्थित हैं, के रैंप की हालत अजीबो-गरीब है। जहाज वाला स्कूल नाम से मशहूर उक्त विद्यालय में निर्मित रैंप डिसएबिल्ड पर्सन्स के किसी काम का नहीं है। व्हील चेयर इस्तेमाल करने वाले मतदाता रैंप तक पहुंच ही नहीं सकते, क्योंकि विद्यालय के मुख्य द्वार पर बनी सीढियां सड़क के लेबिल से 3 फीट ऊंची हैं तथा अंदर की तरफ भी 3 फीट नीचे उतर कर ही रैंप तक पहुंचा जा सकता है,जो बुजुर्गों और निःशक्त मतदाता के लिए बहुत ही दुखदायी है। उक्त समस्या के निराकरण के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी, जालौन को विजय वर्मा द्वारा पंजीकृत डाक से अवगत भी कराया गया है कि पिछले चुनावों के समय भी यही स्थित थी लेकिन परिणाम वही ढाक के तीन पात। स्थानीय अधिकारियों को यह बात संज्ञान में लेकर रैंप की सही व्यवस्था कराने की जरूरत है।

Leave a comment