

उरई। मोदी काम करते-करते थक चुके हैं। कहीं जाते हैं सड़क दिख जाये तो बताते हैं कि उन्होंने बनवाई है। हैंडपंप दिख जाये तो कहते हैं कि उन्होंने लगवाया है। विदेशों में भी उन्हें बहुत घूमना पड़ा है। इसलिए उनको अब कुछ रेस्ट की जरूरत है। उत्तर प्रदेश में हम और अखिलेश मिलकर काम संभालने की तैयारी कर चुके हैं जिससे कुछ उनको आराम मिलेगा। इसके बाद 2019 में हम उन्हें परमानेंट रेस्ट देने का इंतजाम कर देंगे।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने यह बात रविवार को माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बंगरा ग्राम में जीआईसी मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले उन्होंने उत्तर प्रदेश के कोने-कोने में 30 दिन तक किसानों का हाल जानने के लिए यात्रा की। इसके बाद दो करोड़ किसानों के फार्म भरवाकर वे प्रधानमंत्री से उनके कर्जों की माफी की बात करने गये तो प्रधानमंत्री उनके सामने मौनी बाबा बने रहे। उन्होंने यह भी नही कहा कि वे देखेगें। जबकि तीन दिन पहले प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश की एक सभा में कहा कि अगर प्रदेश में उनकी सरकार बन गई तो किसानों का कर्जा माफ कर दिया जायेगा।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री को शायद पता नही है कि कर्ज माफ करने के लिए लखनऊ में सरकार बनने का इंतजार करने की कोई जरूरत नही है। वे दिल्ली में कैबिनेट की बैठक बुलाये और कर्ज माफी का फैसला कराकर लागू कर दें। जैसा मनमोहन सिंह ने किया था। लेकिन उनको वायदे करके भूल जाने की आदत है।
उन्होनें पीएम का मजाक उड़ाते हुए कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में वे गली-गली में कहते थे कि उन्हें प्रधानमंत्री बनवा दो वे ऐसा कुछ कर देंगे जिससे देश में सूरज नही डूबेगा, पूरे देश में कहीं एक्सीडेंट नही होगे, सबको मजा आ जायेगा। ऐसा लगता था कि प्रधानमंत्री दिलवाले दुल्हनियां फिल्म दिखा रहे हों। लेकिन उन्होंने ढाई वर्ष के कार्यकाल में शोल फिल्म दिखवा दी। जिसमें गब्बर सिंह आ जाता है और लोग 50-50 कोस दूर तक उसके डर की वजह से सो नही पाते।
राहुल गांधी की सभा यहां पौने तीन बजे प्रस्तावित थी लेकिन वे 4 बजे के बाद पहुंच सके। इसके लिए माफी मांगी और बताया कि उनकी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ झांसी में संयुक्त सभा थी। जहां अखिलेश के आने में हुए विलंब की वजह से बंगरा का उनका कार्यक्रम लेट हो गया।
सभा में माधौगढ़ के कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व विधायक विनोद चतुर्वेदी के साथ-साथ कालपी की प्रत्याशी उमाकांति सिंह व उरई के सपा प्रत्याशी महेंद्र कठेरिया भी मौजूद रहे। विनोद चतुर्वेदी ने कठेरिया और उमाकांति सिंह को जिताने में पूरी ताकत लगा देने की अपील अपने समर्थकों से की। महेंद्र कठेरिया ने कहा कि उन्हें टिकट देकर अखिलेश यादव ने धानुक, बाल्मीकि और बसोर समाज पर बहुत बड़ा उपकार किया है। उनकी अपील है कि इस समाज के लोग इसके लिए गठबंधन के प्रत्याशियों विनोद चतुर्वेदी व उमाकांति सिंह को बिना किसी दुविधा के वोट दें।







Leave a comment