उरईं। कदौरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को सड़क पर मिले राजमिस्त्री के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुलिस सकते में आ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि मृतक को गले में गोली लगी थी। थाना पुलिस को कठघरे में देख निष्पक्ष छानबीन के लिए अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य ने कदौरा पहुंचकर जायजा लिया।
ग्राम परौसा निवासी रामकुमार कुशवाहा (35वर्ष) सोमवार को दोपहर में मोबाइल पर आई एक काॅल के बाद घर में होरा खाने के लिए सजहरा गांव जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद मंगलवार की रात उसका शव परौसा रोड पर लहूलुहान हालत में मिला। थाना पुलिस ने एक्सीडेंट करार देकर रामकुमार की संदिग्ध मौत की लीपापोती की कोशिश की लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी कलई खोल दी।
रामकुमार राज मिस्त्री था और इमारत बनाने का ठेका लेता था। उसकी पत्नी मायादेवी और भाई रविंद्र कुमार ने बताया कि एक सपा नेता ने उसे बिल्ंिडग बनाने का ठेका दिया था जिसका चार-पांच लाख का हिसाब बकाया था। इसे लेकर सपा नेता से रामकुमार की नोंकझोंक भी हो चुकी थी। उन्होंने संदेह जताया कि उक्त नेता ने ही साजिश करके उन्हें बुलवाया और उनकी हत्या करा दी। अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य ने कहा कि आरोप की पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषी जाहिर होने पर सपा नेता को गिरफ्तार किया जायेगा।







Leave a comment