उरई (जालौन), 14 अप्रैल। अखिलेश यादव के आह्वान और श्यामलाल पाल के निर्देशन में संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की जयंती जनपद भर में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई।
जिला मुख्यालय उरई में कार्यक्रम की शुरुआत जिला अध्यक्ष दीपराज गुर्जर के नेतृत्व में अंबेडकर चौराहे पर स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “बाबा साहब अमर रहें”, “जब तक सूरज चांद रहेगा, बाबा तेरा नाम रहेगा” जैसे जोशीले नारे लगाते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद पार्टी कार्यालय उरई में बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रामपाल, हरिओम उपाध्याय, सांसद नारायण दास अहिरवार, पूर्व विधायक शिवराम कुशवाहा, पूर्व एमएलसी तिलकचंद अहिरवार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सेक्टर स्तर पर भी गूंजे नारे
जिला अध्यक्ष दीपराज गुर्जर के निर्देशन में पूरे जनपद के विभिन्न सेक्टरों, कस्बों और गांवों में भी अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव में बाबा साहब की प्रतिमाओं एवं चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
माधौगढ़, कोंच, कालपी, उरई विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत दर्जनों गांवों—मिझोना, क्योंलारी, सामी, जगम्मनपुर, कुदइया, कुठौद, सोमई, सतोह, एट, कोटरा, धनौरा कला, अजनारी, कदौरा, महेवा आदि में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
सामाजिक संदेश पर जोर
कार्यक्रमों में वक्ताओं ने बाबा साहब के विचारों—समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय—को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का मिशन आज भी प्रासंगिक है और समाज को उनके दिखाए रास्ते पर चलकर ही सशक्त बनाया जा सकता है।
पूरे जनपद में हुए इन आयोजनों ने यह संदेश दिया कि बाबा साहब के प्रति सम्मान और उनके विचारों के प्रति आस्था आज भी लोगों के दिलों में उतनी ही मजबूत है।







Leave a comment