कोंच। सड़क दुर्घटना में घायल दंपत्ति को समय पर इलाज न मिल पाने से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। खेत से लौट रहे बाइक सवार दंपत्ति सड़क हादसे का शिकार हुए और परिजनों के अनुसार करीब तीन घंटे तक सड़क पर ही तड़पते रहे, लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी।

जानकारी के मुताबिक कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम पीपरी निवासी दर्शन (45), पुत्र सरजू मुखिया, अपनी पत्नी पुष्पा (40) के साथ रविवार शाम करीब चार बजे बाइक से घर लौट रहे थे। ग्राम सलैया के पास मुख्य सड़क पर एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पुत्र सुशील और पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस को कॉल किया, लेकिन आरोप है कि करीब तीन घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिससे घायल दंपत्ति दर्द से कराहते हुए सड़क पर ही पड़े रहे।

काफी इंतजार के बाद एंबुलेंस पहुंची, जिसके बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंच ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दर्शन की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उनके पैर में फ्रैक्चर और कमर में गंभीर चोट बताई गई है, जबकि पत्नी पुष्पा के हाथ-पैर में चोट आई है और उनका इलाज सीएचसी में जारी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में एंबुलेंस सेवा की सुस्ती को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर मदद मिल जाती, तो घायलों को इस तरह लंबे समय तक पीड़ा नहीं झेलनी पड़ती।

Leave a comment