उरई । बैंक की लापरवाही की वजह से कालपी में उसी का व्यवसायिक प्रतिनिधि 2 लाख रुपये की टप्पेबाजी का शिकार हो गया । जाँच के लिए पहुँची पुलिस को उस समय मुश्किल हो गई जब पता चला कि बैंक के सी सी टी वी कैमरे वारदात के समय खराब थे जिससे बैंक की कोई हलचल रिकार्ड नहीं हो रही थी ।

कालपी में इलाहाबाद बैंक की मंडी शाखा में दोपहर 12 बजे सरसेला गाँव का बिजनेस प्रतिनिधि अनूप कुमार बैंक में आ कर अपने क्षेत्र के खातेदारों को भुगतान बाँट रहा था । इस दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब पता चला कि उसका रुपयों से भरा बैग वहाँ से गायब हो गया है । बैग में 2 लाख रुपये कैश था । काफी देर तक बैंक में हड़कंप मचा रहा । बैंक मैनेजर डी  के ओझा बाहर निकाल आए । उन्होने और उनके सहयोगियों ने कई लोगों से पूंछा  लेकिन कुछ पता नहीं चला ।

 

बाद में पुलिस को बुलवाया गया । कालपी के प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने जब सी सी टी वी के फुटेज देखने चाहे तो पता चला कि कैमरे खराब हैं इसलिये कोई रिकार्डिंग नहीं हो रही थी । कोतवाल ने सिर पीट लिया । बैंक मैनेजर इसका भी जवाब नहीं दे सके कि क्या व्यावसायिक प्रतिनिधि को बैंक के अंदर लेन देन की अनुमति संभव है इसका भी जवाब उनसे देते नहीं बना । पुलिस अब अपने स्तर से जाँच कर रही है ।

Leave a comment