उरई। आगामी 9 दिसंबर को कोंच रोड स्थित एस आर डिग्री कालेज के परिसर में आयोजित होने जा रहे सर्वसमाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा सहित कई विशिष्ट अतिथि आयेंगे । इस दौरान उप मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं से भेंट कर लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बारे में उनसे जानकारी लेंगे । उप मुख्यमंत्री इस अवसर पर मीडिया से भी बात करेंगे ।
शुक्रवार को भाजपा के गांधी मार्केट स्थित जिला कार्यालय में पत्रकारों को यह जानकारी पार्टी के जिलाध्यक्ष नागेंद्र गुप्ता ने दी । उन्होने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह में 70 जोड़े परिणय गठबंधन में बंधेंगे । आशीर्वाद देने के लिए आने वाली अन्य हस्तियों में खनिकर्म राज्यमंत्री अर्चना पाण्डेय , विधान परिषद सदस्य डॉ यज्ञदत्त शर्मा और प्रतापगढ़ के सांसद हरवंश सिंह की भी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है ।
नागेंद्र गुप्ता ने बताया कि 1 दिसंबर से 15 दिसंबर तक महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिले में पदयात्रा अलग – अलग क्षेत्रों से निकाली जायेगी । इसमें पार्टी के सभी प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे । पदयात्रा में शामिल गांवों में पार्टी के लोग घर-घर जा कर लोगों से मिलेंगे । पदयात्री गांव में ही रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरान चौपाल भी होगी जिसमें सामूहिक समस्याओं और मांगों पर चर्चा की जायेगी ।
भाजपा के जिलाध्यक्ष के अलावा पूर्व मंत्री हरिओम उपाध्याय , नगर पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा , पार्टी के जिला प्रवक्ता इन्द्रराज गुर्जर सहित कई भाजपा नेता पत्रकार वार्ता में उपस्थित थे ।







Leave a comment