सूची में गड़बड़ी को लेकर प्रधान सचिव से भिड़ी जनता ने की राशन की मांग
कदौरा। लाक डाउन में सरकार द्वारा मजदूर सहित जनता के लिए नि:शुल्क राशन का प्रावधान जारी है जिससे किसी को खानपान की मुसीबत न हो। वहीं किन्हीं गांवों में राशन में कटौती व नाम कटना व सूची में गड़बड़ी को लेकर समस्या आ रही है जिसे लेकर क्षेत्रीय ग्राम में पीडि़त लोगों ने हंगामा किया एवं ग्रामीण व कोटेदार प्रधान सचिव आमने सामने हो गए। बड़ी मुश्किल से पूर्ति अधिकारी द्वारा फोन से गांव आकर समस्या सुनने की बात पर मामला शांत हो सका।
ज्ञातव्य हो कि विकास खंड कदौरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जकसिया प्राइमरी विद्यालय में एकत्र ग्राम सभा व उनसे जुड़े मजरे रियाज नगर, शारदा नगर, मुस्ताक नगर के एकत्र लोगों ने रविवार को प्राइमरी विद्यालय में ग्राम प्रधान रविंद्र सिंह से आपत्ति जताते हुए कहा कि उक्त ग्राम पंचायत का कोटेदार लगातार राशन में धांधली कर रहा है। लोगों के यूनिट कट चुके हैं। लोगों को राशन पांच की जगह चार किलो दिया जा रहा है व सूची में भी गड़बड़ी हुई है। वहीं उक्त समस्याओं को लेकर मौके पर कोटेदार प्रतिनिधि सोहन को बुलाया गया जिसके बाद समस्या को लेकर बहस हंगामा होने पर सचिव प्रभात भी मौके पर पहुंच गए जिस पर ग्रामीणों द्वारा हंगामा करते हुए मिलीभगत से राशन में धांधली का आरोप लगाया गया। वहीं ग्रामीणों का आक्रोश देख सचिव वहां से वापस हो गए। ग्रामीण रामनरेश पाल द्वारा आरोप लगाया गया कि उसका काफी समय से लाल कार्ड बना हुआ है लेकिन जानकारी न होने पर कोटेदार उसे दस किलो या कम राशन ही देता रहा एवं ग्रामीण से कोटेदार द्वारा लाल कार्ड बनवाने का झांसा देकर दो हजार रुपए भी झटक लिए गए। अभी सूची बनने पर जब उसे जानकारी हुई तो उसने आपत्ति लगाई। कई अन्य ग्रामीणों ने कहा कि सूची में गड़बड़ी करते हुए केवल नाम लिख दिए गए जिनकी बल्दीयत न खोलने पर राशन भी नहीं मिल रहा जिस पर खिलवाड़ का आरोप सचिव प्रधान पर लगाते हुए ग्रामीण व प्रधान सचिव के बीच बहस भी होती रही। बाद में पूर्ति निरीक्षक कमल सिंह द्वारा अगले दिन आकर समस्या सुन राशन दिलवाने के आश्वासन पर माहौल शांत हो सका। वहीं मामले में पूर्ति निरीक्षक कमल सिंह द्वारा बताया गया कि लोगों के नाम कट गए हैं तो लोगो ने आपत्ति जताई है। कल गांव जाकर उनकी समस्याओं को सुना जाएगा।







Leave a comment