उरई। अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को जनपद के विभिन्न अग्निशमन केंद्रों द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरविन्द कुमार सिंह के निर्देशन में समस्त अग्निशमन केंद्रों के प्रभारी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों में छात्र-छात्राओं एवं अध्यापक-अध्यापिकाओं को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया तथा मॉक ड्रिल कराई।
इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरविन्द कुमार सिंह की उपस्थिति में पार्थ फाइंडर इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 6, 7 एवं 8 के विद्यार्थियों के बीच निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभाग करने वाले बच्चों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
अग्निशमन अधिकारी उरई द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, स्टेशन रोड उरई तथा मॉर्निंग स्टार हायर सेकेंडरी स्कूल, करमेर रोड उरई में प्रशिक्षण व मॉक ड्रिल कराई गई। वहीं फायर स्टेशन जालौन की टीम ने एमएलबी इंटर कॉलेज चुर्खीवाल में, कोंच की टीम ने एवेन्जर पब्लिक स्कूल लौना में, कालपी की टीम ने फातिमा माता स्कूल में तथा माधौगढ़ की टीम ने भीमराव अम्बेडकर जूनियर हाई स्कूल में अग्निशमन उपकरणों का प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल कराई।
इस दौरान विद्यार्थियों को अग्नि दुर्घटना के समय अपनाए जाने वाले उपायों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि आग लगने की स्थिति में धुएं से बचाव के लिए नाक और मुंह को गीले कपड़े से ढंकना चाहिए तथा भारी धुएं की स्थिति में जमीन के करीब झुककर रहना सुरक्षित होता है। साथ ही आग के आसपास ज्वलनशील सामग्री को हटाने की सलाह दी गई।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि आग लगने की स्थिति में विद्युत उपकरणों पर अधिक भार न डालें, लिफ्ट का प्रयोग न करें और आग के बढ़ने पर उसे बुझाने का प्रयास करने के बजाय तत्काल सुरक्षित स्थान पर निकल जाएं।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपदा के समय सतर्कता और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।







Leave a comment