कालपी में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, ओवरलोड और बिना प्रपत्र चल रहे 24 ट्रक पकड़े

कालपी-उरई। जनपद जालौन में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार और रविवार की रात बड़ा अभियान चलाते हुए 24 ट्रकों को पकड़कर मंडी परिषद कालपी और कदौरा परिसर में पुलिस अभिरक्षा में खड़ा करा दिया। इस कार्रवाई से ट्रक मालिकों और चालकों में हड़कंप मच गया।

शनिवार रात नवागत उप जिलाधिकारी अमित खरे ने पुलिस, खनिज विभाग और एआरटीओ टीम के साथ हाईवे पर ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना वैध प्रपत्र और ओवरलोडिंग करते पाए गए आठ ट्रकों को पकड़कर कार्रवाई की गई।

इसके बाद रविवार रात नमामि गंगे अपर जिलाधिकारी प्रेमचंद मौर्या, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, उप जिलाधिकारी अमित खरे, तहसीलदार अभिनव तिवारी, क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने भारी पुलिस बल के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया।

अधिकारियों की टीम ने दुर्गा मंदिर चौराहे से विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच शुरू की। जिन ट्रकों के अभिलेख सही पाए गए, उन्हें आगे जाने की अनुमति दे दी गई, जबकि जोल्हूपुर मोड़, कदौरा रोड, इटौरा रोड और आटा क्षेत्र में बिना प्रपत्र तथा ओवरलोड मोरम ले जा रहे 16 ट्रकों को पकड़ लिया गया। सभी ट्रकों को अलग-अलग स्थानों से पकड़कर मंडी परिषद परिसर में पुलिस निगरानी में खड़ा कराया गया।

अधिकारियों ने ट्रक चालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि बेतवा और यमुना घाटों से नियमों के तहत मोरम का परिवहन करने वालों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी, लेकिन बिना प्रपत्र और ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि चाहे ट्रक मालिक कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a comment