उरई। डकोर विकास खंड के ग्राम टीकर और कुसमिलिया में भीषण आग लगने से कई परिवारों की जिंदगी पूरी तरह तबाह हो गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते घरों में रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने खाने-पीने तक का संकट खड़ा हो गया है।
बताया जा रहा है कि शिवकुमार और उनका परिवार रात में घर के अंदर सो रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के लोगों ने घर से धुआं और आग की तेज लपटें उठती देख शोर मचाकर परिवार को जगाया। जब तक परिवार के लोग बाहर निकलते, तब तक आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया था।
घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन दमकल की गाड़ी के मौके पर पहुंचने तक घर में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। आग में कपड़े, बिस्तर, अनाज, घरेलू सामान और जरूरी कागजात तक नहीं बच पाए।
ग्रामीणों ने बताया कि आग की इस घटना से कई परिवार प्रभावित हुए हैं। अब पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं और उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतों का भी संकट पैदा हो गया है।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता, खाद्यान्न और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।






Leave a comment